US: भारत आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है : राहुल गांधी – The Hill News

US: भारत आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है : राहुल गांधी

वाशिंगटन। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारत की अर्थव्यवस्था, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर पहुंचे राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में कहा कि भारत आर्थिक तबाही की कगार पर खड़ा है और देश में बेरोजगारी एक बड़ी समस्या बन चुकी है।

मिडिल क्लास युवाओं में बढ़ रही निराशा

समाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, भारत के युवाओं की स्थिति से जुड़े सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि मौजूदा हालात से सबसे अधिक निराश मध्यमवर्गीय परिवारों के वे युवा हैं, जिन्होंने अपनी औपचारिक शिक्षा पूरी कर ली है, लेकिन उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन युवाओं को अपने आगे का रास्ता नजर नहीं आ रहा है। राहुल गांधी के अनुसार, इस स्थिति को समझने और इसके कारणों का अध्ययन करने की जरूरत है।

माता-पिता और नई पीढ़ी के बीच बढ़ रही दूरी

राहुल गांधी ने कहा कि रोजगार और करियर के सीमित अवसरों का असर युवाओं और उनके माता-पिता के संबंधों पर भी पड़ रहा है। नई पीढ़ी अब पिछली पीढ़ी के अनुभवों और सलाह को मौजूदा परिस्थितियों के लिहाज से परख रही है।

उन्होंने बताया कि कई युवा अपने माता-पिता से कहते हैं कि जिन रास्तों पर चलकर पिछली पीढ़ी ने सफलता हासिल की या स्थिर नौकरी पाई, वे आज के समय में उतने प्रभावी नहीं रह गए हैं। ऐसे में उन्हें पुराने तरीकों पर चलने की सलाह देना उचित नहीं लगता।

18 नवंबर को शिकागो यूनिवर्सिटी जाएंगे राहुल

राहुल गांधी अमेरिका की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। 18 नवंबर को उनका यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का कार्यक्रम है। यहां वे विद्यार्थियों और शिक्षाविदों के साथ संवाद करेंगे।

 

Pls read:US: ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल छह महीने की सजा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *