Uttarakhand: रुद्रप्रयाग में बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, चार की मौत; छह घायल – The Hill News

Uttarakhand: रुद्रप्रयाग में बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, चार की मौत; छह घायल

रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में मंगलवार रात करीब नौ बजे कंडारा रोड पर बारात से लौट रहा मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। घायलों में चार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी दस लोग पोखरी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर रांसी-गोणार क्षेत्र लौट रहे थे। इसी दौरान कंडारा रोड पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचीं। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में सभी घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला गया।

घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो लोगों को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया। राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने आपसी समन्वय से काम किया।

हादसे के दौरान थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी और कांस्टेबल सोनू गोदियाल पुलिस बल के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। जिला पंचायत सदस्य अजयवीर भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत और पूर्व जिला पंचायत सदस्य विनोद राणा ने भी मौके पर पहुंचकर सहयोग किया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों में दो रांसी गांव के निवासी

हादसे में कुंवर सिंह (60), पुत्र बच्चन सिंह, मदन सिंह (40), पुत्र मोहन सिंह, दोनों निवासी ग्राम रांसी; सूरत सिंह (42), पुत्र भीम सिंह, निवासी ग्राम देड़ा और बलवीर सिंह (70), पुत्र बिहारी सिंह, निवासी दादा गैड़ बस्ती, रांसी की मृत्यु हुई है।

चार घायलों को श्रीनगर किया रेफर

घायलों में उम्मेद सिंह राणा (52) और राजेंद्र सिंह (56), दोनों निवासी ग्राम रांसी शामिल हैं। इन्हें सामान्य चोटें आई हैं। वहीं, लविश राणा (25), वंशिका (8), उर्मिला देवी (33) और पूजा (34) को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। ये सभी रुद्रप्रयाग जिले के रांसी, कांथा और चिलौंड गांवों के निवासी हैं।

 

Pls read:Uttarakhand: उत्तराखंड में तीन सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, घायलों के उपचार के निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *