देहरादून। ऋषिकेश में बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से जोशीमठ जा रही विश्वनाथ सेवा की बस गूलर बाजार के पास रेलिंग तोड़कर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में आठ राज्यों के यात्री शामिल हैं। दुर्घटना के बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दलों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
प्रभारी निरीक्षक मुनिकीरेती प्रदीप चौहान के अनुसार, हादसा भोर के समय हुआ। बस में उत्तराखंड, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के श्रद्धालु सवार थे। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश लाए जा रहे हैं। अब तक पांच शव एम्स पहुंचाए जाने की जानकारी दी गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बस के दस्तावेज बताए जा रहे वैध
परिवहन विभाग के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस की फिटनेस, बीमा और परमिट वैध थे। बस की फिटनेस 25 अक्टूबर 2028 तक, बीमा 2027 तक और परमिट 2029 तक वैध बताया गया है। 32 सीटर यह बस प्रतापनगर के मदन नेगी निवासी परमवीर सिंह के नाम पंजीकृत है और वर्ष 2024 में खरीदी गई थी।
एआरटीओ जेएस मिश्रा ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर ढलान है। प्रारंभिक आशंका जताई गई है कि तेज गति और ढलान के कारण चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया होगा। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
अलग-अलग राज्यों के यात्री घायल
घायलों की जारी सूची में झारखंड के दुमका, बिहार के पटना और जहानाबाद, असम के गुवाहाटी, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के लोगों के नाम शामिल हैं। सूची में तीन साल की बच्ची से लेकर 64 वर्ष तक के यात्री शामिल हैं। एक घायल की पहचान घटना के समय नहीं हो सकी थी।
घायलों में उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, नैनीताल और हल्द्वानी के यात्री भी हैं। कई घायलों को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। उपलब्ध जानकारी में एम्स में भर्ती घायलों की संख्या 19 बताई गई है।
हादसे में मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर शुरुआती सूचनाओं में अंतर सामने आया है। प्रशासन की ओर से आधिकारिक पुष्टि के बाद ही अंतिम आंकड़ा स्पष्ट हो सकेगा।
PLs read:Uttarakhand: रुद्रप्रयाग में बारात से लौट रहा मैक्स वाहन खाई में गिरा, चार की मौत; छह घायल