Jammu-Kashmir: कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट मारा गया, मस्जिद में छिपा था आतंकी – The Hill News

Jammu-Kashmir: कुलगाम में लश्कर कमांडर लतीफ अहमद भट मारा गया, मस्जिद में छिपा था आतंकी

श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के जंगलपोरा इलाके में बुधवार को सुरक्षाबलों के संयुक्त अभियान में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर मोहम्मद लतीफ अहमद भट मारा गया। जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, वह कुलगाम के ख्रेवान का निवासी था। मुठभेड़ स्थल से उसका शव और एक हथियार बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने जंगलपोरा इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। जवानों को अपनी ओर आते देख लतीफ ने भागने का प्रयास किया और गोलीबारी की। इसके बाद वह पास की एक मस्जिद में जा छिपा।

धार्मिक स्थल की मर्यादा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षाबलों ने गोलीबारी रोक दी और उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया। अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए भी उससे संपर्क कर हथियार डालने के लिए कहा। वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय मौलवी ने भी उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। इसके बाद सुरक्षाबलों ने अभियान जारी रखा और उसे मार गिराया।

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान मस्जिद को नुकसान से बचाने के लिए अत्यधिक संयम बरता गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि धार्मिक स्थल पूरी तरह सुरक्षित रहा।

15 लाख रुपये का था इनाम

पुलिस के अनुसार, लतीफ अहमद भट पिछले साल नवंबर में आतंकी गतिविधियों से जुड़ा था और उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह लश्कर-ए-तैयबा और टीआरएफ से जुड़ा कमांडर बताया गया। उस पर अनंतनाग के लालचौक में एक पुलिसकर्मी की हत्या और कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो श्रमिकों की हत्या सहित कई गंभीर वारदातों में शामिल होने का आरोप था।

उसका साथी उमर निसार दो दिन पहले लारू में हुई मुठभेड़ में मारा गया था, जबकि लतीफ वहां से बच निकलने में कामयाब रहा था। अखरन कुलगाम में सीआरपीएफ दल पर हुए हमले के बाद से सुरक्षाबल उसकी तलाश कर रहे थे।

500 से अधिक लोगों से हुई पूछताछ

लतीफ और उसके साथियों की तलाश के लिए चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की। इनमें से 20 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। इसी दौरान लश्कर और टीआरएफ से जुड़े तीन ओवरग्राउंड वर्करों को भी चिह्नित किए जाने की जानकारी सामने आई थी। पुलिस और सुरक्षाबलों की कार्रवाई के बाद जंगलपोरा में संयुक्त अभियान चलाया गया।

Pls read:Uttarakhand: बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल : धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *