देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर अपनी मंशा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ हालिया मुलाकात में चुनाव लड़ने के मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि, प्रदेश नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। उन्होंने हरिद्वार जिले की खानपुर या लक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने कहा कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ उनकी मुलाकात सकारात्मक रही। इस दौरान उत्तराखंड की राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से बातचीत हुई। उन्होंने राष्ट्रीय नेताओं के सामने राज्य में कांग्रेस को सत्ता में लाने और कम से कम 45 विधानसभा सीटें जीतने का रोडमैप भी रखा।
चुनाव लड़ने का फैसला प्रदेश नेतृत्व पर छोड़ा
चुनाव लड़ने के सवाल पर रावत ने कहा कि वह पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि उन्हें किसी पद की महत्वाकांक्षा नहीं है। पार्टी को तय करना है कि उन्हें चुनाव लड़ाना है या नहीं। उन्होंने कहा कि खानपुर और लक्सर क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें। इसी वजह से उन्होंने इन सीटों में से किसी एक से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
हरीश रावत ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं देती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उनके मुताबिक, पार्टी का निर्णय उनके लिए सर्वोपरि रहेगा।
स्थानीय मुद्दों पर जनता के बीच जाने की जरूरत
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस को स्थानीय मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाना होगा। पार्टी को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और चुनावी तैयारियों को मजबूत करने की जरूरत है।
उन्होंने संकेत दिया कि वह जल्द ही राष्ट्रीय नेताओं से दोबारा मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य में पार्टी की रणनीति और चुनावी तैयारियों को लेकर आगे की चर्चा हो सकती है।