देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय और दुर्गम इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों के दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को उनके नजदीक ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराएंगे।
मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से रवाना किए गए इन आरोग्य रथों का संचालन पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हैं। ऐसे में जरूरी है कि स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के घरों के नजदीक तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि आरोग्य रथ इस दिशा में उपयोगी साबित होंगे।
चिकित्सक और दवाओं की रहेगी व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने बताया कि दोनों मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और फार्मासिस्ट तैनात रहेंगे। इनमें आवश्यक दवाओं की भी व्यवस्था की गई है। इन वाहनों के जरिए लोगों को प्राथमिक उपचार के साथ निवारक स्वास्थ्य सेवाएं भी मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि आरोग्य रथों के माध्यम से बीमारियों की शुरुआती पहचान करने, जरूरत के अनुसार समय पर चिकित्सकीय परामर्श देने और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में मदद मिलेगी। इससे उन क्षेत्रों के निवासियों को विशेष लाभ मिल सकता है, जहां अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचना कठिन होता है।
सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी जरूरी
धामी ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और उनका विस्तार करने के लिए लगातार काम कर रही है। इस प्रयास में कॉरपोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी अहम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि अन्य संस्थाएं भी स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक क्षेत्रों में सहयोग के लिए आगे आएंगी, ताकि दूरस्थ इलाकों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस दौरान स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडेय भी मौजूद रहे।
Pls reaD:Uttarakhand: प्रवासी उत्तराखण्डी अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़े रहें : मुख्यमंत्री धामी