US: ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल छह महीने की सजा – The Hill News

US: ट्रंप की हत्या की साजिश रचने वाले पाकिस्तानी नागरिक को 27 साल छह महीने की सजा

वाशिंगटन डीसी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप समेत कई वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की हत्या की साजिश रचने के दोषी पाकिस्तानी नागरिक आसिफ मर्चेंट को अमेरिकी संघीय अदालत ने 27 साल छह महीने यानी 330 महीने की जेल की सजा सुनाई है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, मर्चेंट ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के इशारे पर यह साजिश रची थी।

मार्च 2026 में जूरी ने ठहराया था दोषी

अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 48 वर्षीय आसिफ मर्चेंट को ब्रुकलिन की संघीय अदालत में जिला न्यायाधीश एरिक आर. कोमिटी ने सजा सुनाई। इससे पहले मार्च 2026 में संघीय जूरी ने उसे अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पार आतंकवाद की कोशिश करने और पैसे देकर हत्या की साजिश रचने का दोषी ठहराया था।

अमेरिकी अभियोजन पक्ष ने मर्चेंट को ईरान की IRGC से जुड़ा प्रशिक्षित ऑपरेटिव बताया है। जांच के अनुसार, वह अमेरिकी सरकारी अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना के तहत लोगों को भर्ती करने और उन्हें भुगतान करने के उद्देश्य से अमेरिका आया था।

ट्रंप के अलावा बाइडेन और निक्की हेली भी संभावित निशाने पर

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मर्चेंट ने पूछताछ में बताया था कि ट्रंप के अलावा तत्कालीन राष्ट्रपति जो बाइडेन और संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका की पूर्व राजदूत निक्की हेली भी संभावित निशानों में शामिल थे। उस समय ये सभी अमेरिकी राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार थे।

अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि इस साजिश के पीछे ईरान के पूर्व IRGC कमांडर कासिम सुलेमानी की मौत का बदला लेने की मंशा थी। सुलेमानी जनवरी 2020 में इराक में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारा गया था।

अमेरिकी न्याय विभाग ने दी कड़ी चेतावनी

अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप की हत्या की साजिश को अंजाम देने के उद्देश्य से अमेरिका आए व्यक्ति को उसके अपराध के लिए सजा मिली है। उन्होंने कहा कि न्याय विभाग अमेरिकी नेताओं के खिलाफ विदेशी आतंकवादी साजिशों को बर्दाश्त नहीं करेगा और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराने की कार्रवाई जारी रखेगा।

 

Pls read:US: अमेरिकी अधिकारियों को निशाना बनाने की ईरान की कथित साजिश का दावा, ‘डर्टी बम’ के इस्तेमाल की आशंका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *