Delhi: उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की संभावना, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

खबरें सुने

नई दिल्ली: उत्तर भारत में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। देश के कई राज्यों में आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। पहाड़ी राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा, जबकि दक्षिण और पश्चिम भारत में तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में दिन में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हल्की बूंदाबांदी और बादल छाए रहने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना

IMD के अनुसार, कानपुर, फतेहपुर, लखनऊ समेत पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। दिन में बादल छाए रहेंगे। 28 फरवरी और 1 मार्च को पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरा छाया रह सकता है।

बिहार में भी बारिश का अलर्ट

बिहार में पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के सक्रिय होने से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।

राजस्थान में जारी है बारिश का अलर्ट

राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से बारिश का अलर्ट जारी है। जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जैसलमेर और उदयपुर सहित कई जिलों में आज बादल छाए रहने की संभावना है।

महाराष्ट्र में बढ़ेगा तापमान

महाराष्ट्र के कई जिलों में तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और रत्नागिरी जिलों में बढ़ते तापमान के कारण सीजन की शुरुआत में ही भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है।

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो रही है, जो आज रात तक जारी रह सकती है। रात के समय दक्षिणी तमिलनाडु, दक्षिणी केरल और अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

 

Pls read:Delhi: शशि थरूर की पीयूष गोयल के साथ तस्वीर और राजनीतिक हलचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *