Cricket: अफगानिस्तान के नसीर मरूफखिल ने टेस्ट डेब्यू पर रचा इतिहास, शतक के साथ झटके सात विकेट – The Hill News

Cricket: अफगानिस्तान के नसीर मरूफखिल ने टेस्ट डेब्यू पर रचा इतिहास, शतक के साथ झटके सात विकेट

नई दिल्ली। अफगानिस्तान के 20 वर्षीय ऑलराउंडर नसीर खान मरूफखिल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने पदार्पण को यादगार बना दिया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट में शतक लगाने के साथ पहली पारी में सात विकेट भी हासिल किए। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में डेब्यू मैच में शतक और पांच विकेट लेने वाले दुनिया के दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

नसीर ने 13 से 17 नवंबर तक शारजाह क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले से टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा। बाएं हाथ के इस ऑलराउंडर ने गेंदबाजी में पहली पारी में सात विकेट चटकाए, जबकि दूसरी पारी में दो बल्लेबाजों को आउट किया।

ब्रूस टेलर के बाद ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी

नसीर ने बल्लेबाजी में पहली पारी के दौरान आठवें नंबर पर उतरकर 20 रन बनाए। इसके बाद दूसरी पारी में उन्होंने शानदार धैर्य दिखाते हुए 242 गेंदों पर नाबाद 101 रन की पारी खेली।

इस उपलब्धि के साथ नसीर ने न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी ब्रूस टेलर की बराबरी की। टेलर ने 1965 में भारत के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में अपने टेस्ट डेब्यू पर 105 रन बनाए थे। उन्होंने उसी मुकाबले में भारतीय टीम की पहली पारी में 86 रन देकर पांच विकेट भी हासिल किए थे।

टेस्ट इतिहास में कई खिलाड़ियों ने पदार्पण मैच में अर्धशतक के साथ पांच विकेट लेने का कारनामा किया है, लेकिन डेब्यू पर शतक और पांच विकेट हासिल करने वाले खिलाड़ियों में अब तक ब्रूस टेलर और नसीर मरूफखिल ही शामिल हैं।

डेब्यू पर शतक लगाने वाले तीसरे अफगानी

नसीर टेस्ट पदार्पण पर शतक लगाने वाले अफगानिस्तान के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले इस्मात आलम ने यह उपलब्धि हासिल की थी। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ ही टेस्ट डेब्यू करने वाले रहमानुल्लाह ने भी पहली पारी में शतक जड़कर इस सूची में जगह बनाई थी।

ऐतिहासिक प्रदर्शन के बावजूद हारा अफगानिस्तान

नसीर के शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद अफगानिस्तान की टीम मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सकी। जिम्बाब्वे ने दूसरे टेस्ट में अफगानिस्तान को 57 रन से हराया। इस जीत के साथ जिम्बाब्वे ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।

 

Pls read:Cricket: जय शाह लगातार दूसरी बार बने आईसीसी चेयरमैन, निर्विरोध हुआ चुनाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *