Cricket: जय शाह लगातार दूसरी बार बने आईसीसी चेयरमैन, निर्विरोध हुआ चुनाव – The Hill News

Cricket: जय शाह लगातार दूसरी बार बने आईसीसी चेयरमैन, निर्विरोध हुआ चुनाव

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट प्रशासक जय शाह को एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का चेयरमैन चुन लिया गया है। आईसीसी ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की। जय शाह लगातार दूसरी बार इस पद पर निर्विरोध चुने गए हैं। बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक के दौरान उनके नाम का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे सभी निदेशकों का समर्थन मिला।

जय शाह ने पहली बार वर्ष 2024 में आईसीसी चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाली थी। अब दोबारा चुने जाने के साथ उनका कार्यकाल आगे भी जारी रहेगा। आईसीसी के बयान में कहा गया कि बोर्ड को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि जय शाह को बिना किसी विरोध के फिर से चेयरमैन चुना गया है।

दोबारा जिम्मेदारी मिलने पर जताया आभार

चुनाव के बाद जय शाह ने आईसीसी बोर्ड और सभी निदेशकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बोर्ड की ओर से उन पर जताया गया भरोसा उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने लगातार समर्थन देने के लिए सभी निदेशकों को धन्यवाद भी दिया।

जय शाह ने अपने बयान में कहा कि आईसीसी चेयरमैन का पद उनके लिए गर्व के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने विश्व स्तर पर क्रिकेट का विस्तार करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उनके मुताबिक, वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस खेल को अधिक से अधिक देशों और लोगों तक पहुंचाने के लिए काम करते रहेंगे।

जय शाह इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) में सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। बीसीसीआई में अपने कार्यकाल के बाद उन्होंने आईसीसी प्रमुख का पद संभाला था। अब दूसरी बार चुने जाने से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट प्रशासन में उनकी भूमिका आगे भी बनी रहेगी।

भारत को दो बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी

बाली में हुई आईसीसी बोर्ड की बैठक में चेयरमैन के चुनाव के अलावा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के आगामी कार्यक्रमों से जुड़े कई अहम फैसले भी लिए गए। बैठक में वर्ष 2035 तक के क्रिकेट कैलेंडर को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान भारत को दो बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी मिली है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भारत वर्ष 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। इसके बाद वर्ष 2031 में भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से वनडे विश्व कप का आयोजन करेंगे। इन फैसलों से आने वाले वर्षों में भारत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रमुख आयोजनों का बड़ा केंद्र बना रहेगा।

आईसीसी की बैठक में लिए गए फैसलों को वैश्विक क्रिकेट के विस्तार और भविष्य की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जय शाह के दोबारा चेयरमैन चुने जाने और भारत को दो बड़े टूर्नामेंट मिलने से भारतीय क्रिकेट जगत में भी उत्साह है।

 

Pls read:Cricket: डेब्यू मैच में महली बियर्डमैन का धमाका छह विकेट लेकर रचा इतिहास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *