धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन बुधवार को भी प्रश्नकाल शुरू नहीं हो सका। विपक्ष की ओर से मंगलवार को नियम-67 के तहत लाए गए काम रोको प्रस्ताव पर चर्चा जारी रही। सदन की कार्यवाही शुरू होते ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चर्चा की प्राथमिकता को लेकर तीखी बहस हुई।
संसदीय कार्य मंत्री हर्ष वर्धन चौहान ने कहा कि स्थगन प्रस्ताव पर चल रही चर्चा पहले पूरी की जानी चाहिए। इसके बाद ही सदन की अन्य कार्यवाही शुरू होनी चाहिए।
नियमों के तहत चलनी चाहिए सदन की कार्यवाही : जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार चलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सदन के संचालन को लेकर एक बार तय की गई व्यवस्था बार-बार नहीं बदली जानी चाहिए।
सभी काम रोको प्रस्ताव स्वीकार करना बना इतिहास : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा की कार्यवाही सत्ता पक्ष और विपक्ष की सहमति से चलती है। विपक्ष मंगलवार को काम रोको प्रस्ताव लेकर आया था और सरकार ने उस पर चर्चा की अनुमति दी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष के सभी काम रोको प्रस्ताव स्वीकार कर एक नई मिसाल कायम की है। मुख्यमंत्री ने विपक्ष से आरोपों के समर्थन में पूरे तथ्य और दस्तावेज सदन में रखने को कहा। उन्होंने कहा कि केवल सनसनी फैलाने के लिए आरोप नहीं लगाए जाने चाहिए। यदि किसी आरोप में तथ्य सामने आते हैं तो सरकार जांच करवाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विपक्ष की आवाज दबाई नहीं जा सकती : जयराम
जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने सदन में जो भी बातें रखी हैं, वे पूरे तथ्यों और जिम्मेदारी के साथ कही हैं। ये बातें विधानसभा के रिकॉर्ड का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका है और उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
विधायकों का मन जीतने की नसीहत पर पलटवार
बहस के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने विधायकों का समर्थन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले नियम-67 के तहत प्रस्ताव लाया और अब उसे प्रश्नकाल की याद आ रही है।
इस पर जयराम ठाकुर ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा विधायक दल उनके साथ है और मुख्यमंत्री को अपने विधायकों का मन जीतने पर ध्यान देना चाहिए।
Pls read:Himachal: हिमाचल विधानसभा में ई-बसों की खरीद और धारा 118 पर हंगामा, नियम 67 के तहत चर्चा