प्रयागराज महाकुंभ में 50 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज महाकुंभ में 50 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र स्नान करने पर बधाई दी है। महाकुंभ शुरू हुए अभी 34 दिन ही हुए हैं और 11 दिन अभी बाकी हैं, फिर भी श्रद्धालुओं की संख्या 50 करोड़ पार कर गई है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर लिखा कि महाकुंभ भारत की आध्यात्मिकता, एकात्मता और समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 110 करोड़ सनातन धर्मावलंबियों में से 50 करोड़ से ज़्यादा लोगों का संगम में स्नान करना सनातन धर्म के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है। उन्होंने इसे भारत की लोक आस्था का अमृतकाल बताया। मुख्यमंत्री ने सभी साधु-संतों, श्रद्धालुओं, मेला प्रशासन, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, स्वच्छता कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों और महाकुंभ से जुड़े सभी लोगों को धन्यवाद दिया।
महाकुंभ ने रचा इतिहास:
शुक्रवार को त्रिजटा स्नान पर्व पर 96.98 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया, जिसके साथ ही महाकुंभ में स्नान करने वालों की कुल संख्या 50.11 करोड़ के पार पहुँच गई। यह संख्या मानव इतिहास में किसी भी धार्मिक, सांस्कृतिक या सामाजिक आयोजन में अब तक की सबसे बड़ी सहभागिता है। केवल भारत और चीन की जनसंख्या ही इस संख्या से अधिक है।
मुख्यमंत्री के अनुमान से भी आगे:
श्रद्धालुओं की यह संख्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुमान से भी आगे निकल गई है। उन्होंने पहले 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान लगाया था, जो 11 फ़रवरी को ही पार हो गया था। अब उम्मीद है कि महाकुंभ के शेष दिनों में यह संख्या 55 से 60 करोड़ तक पहुँच सकती है।
विभिन्न स्नान पर्वों पर श्रद्धालुओं की भीड़:
मौनी अमावस्या पर सबसे ज़्यादा 8 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था। मकर संक्रांति पर 3.5 करोड़, वसंत पंचमी पर 2.57 करोड़, माघी पूर्णिमा पर 2 करोड़ से ज़्यादा और 1 फ़रवरी व 30 जनवरी को 2-2 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया था।
Pls read:Uttarpradesh: महाकुंभ में त्रिजटा स्नान आज, कल्पवासी होंगे विदा