नई दिल्ली। देश में सोने की शुद्धता को लेकर एक नए तरह की मिलावट का मामला सामने आया है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीन से आयात किए जा रहे रेनियम पाउडर को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि सामान्य जांच मशीनों और कुछ हॉलमार्किंग केंद्रों में भी इस मिलावट का पता नहीं चल पाया। कुछ मामलों में मिश्रण 24 कैरेट सोने की शुद्धता जांच में भी पास हो गया।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन के शेनझेन में मौजूद एक एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर तैयार करती है और भारत के कई शहरों में इसके डीलर हैं। इस पाउडर का इस्तेमाल सोने का कुल वजन बढ़ाने के लिए किए जाने की बात सामने आई है।
एक ग्राम पाउडर मिलाकर बढ़ाया वजन
रिपोर्ट में दिए गए उदाहरण के मुताबिक, एक ग्राम रेनियम पाउडर को 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में मिलाया गया। इससे मिश्रण का कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया। परीक्षण के दौरान इस मिश्रण को 24 कैरेट सोने के रूप में पहचान लिया गया।
इसके बाद ज्वेलर ने इसमें एक अन्य धातु मिलाकर 22 कैरेट का आभूषण तैयार किया। आभूषण को हॉलमार्किंग केंद्र में भी 22 कैरेट सोने के रूप में प्रमाणित कर दिया गया। हालांकि, रिपोर्ट में दावा किया गया कि जांच में इसकी वास्तविक सोने की मात्रा केवल 81.73 प्रतिशत पाई गई, जो करीब 20 कैरेट शुद्धता के बराबर है।
रिपोर्ट के अनुसार, मिलावट वाले इस आभूषण ने कई ज्वेलरी शोरूम और परीक्षण केंद्रों में भी जांच पास कर ली। इससे सोने की शुद्धता जांचने के मौजूदा तरीकों की प्रभावशीलता पर सवाल उठे हैं।
हॉलमार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल
इस मामले ने देश की हॉलमार्किंग और ज्वेलर्स के निरीक्षण की व्यवस्था को लेकर भी चिंता बढ़ाई है। रिपोर्ट में सीएजी की ड्राफ्ट रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान 81 प्रतिशत पंजीकृत ज्वेलर्स का निरीक्षण नहीं किया गया।
विशेषज्ञों के मुताबिक, रेनियम जैसी धातु की मिलावट की पहचान के लिए सामान्य जांच के अलावा एक्स-रे फ्लोरेसेंस (एक्सआरएफ) और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों की जरूरत पड़ सकती है।
खरीदारी के समय बरतें सावधानी
विशेषज्ञों ने ग्राहकों को विश्वसनीय ज्वेलर्स से ही हॉलमार्क वाला सोना खरीदने की सलाह दी है। इसके साथ ही खरीदारी के दौरान पक्का बिल और जीएसटी इनवॉइस लेना भी जरूरी बताया गया है। इन दस्तावेजों को सुरक्षित रखने से भविष्य में सोने की शुद्धता या खरीद से जुड़ी शिकायत होने पर मदद मिल सकती है।
Pls read:Delhi: भारत के स्वदेशी स्टील्थ फाइटर AMCA प्रोजेक्ट के लिए तीन कंपनियों ने लगाई बोली