Himachal: हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियां तेज, धर्मशाला में कड़ा होगा सुरक्षा घेरा – The Hill News

Himachal: हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र की तैयारियां तेज, धर्मशाला में कड़ा होगा सुरक्षा घेरा

धर्मशाला। तपोवन स्थित विधानसभा परिसर में 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। अगले दो दिनों में धर्मशाला की सड़कों पर वीआइपी और वीवीआइपी वाहनों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी जाएगी। छह दिवसीय सत्र के दौरान जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक पुलिस विशेष निगरानी रखेगी।

14वीं विधानसभा का यह 13वां शीतकालीन सत्र 16 नवंबर को दोपहर दो बजे शुरू होगा। सत्र में बेरोजगारी, महंगाई, सरकार की गारंटियों और विभिन्न विधायी कार्यों सहित कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

विधानसभा सचिवालय को अब तक 400 से अधिक सवाल और कई नोटिस प्राप्त हो चुके हैं। विपक्ष जहां विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाने में जुटा है, वहीं सत्तापक्ष के विधायक भी विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों से जुड़े आंकड़ों के साथ जवाब देने की तैयारी कर रहे हैं।

वीआइपी ठहराव स्थलों से विधानसभा तक सुरक्षा व्यवस्था

शीतकालीन सत्र के मद्देनजर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। माननीयों के रात्रि ठहराव स्थलों से लेकर तपोवन विधानसभा परिसर तक सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। डाढ, गगल, नड्डी और खनियारा सहित उन क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी, जहां जनप्रतिनिधियों के ठहरने की व्यवस्था की जाती है। विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों पर भी सुरक्षा जवान तैनात रहेंगे।

परिधि गृह और मिनी सचिवालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। शहर में यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करेगी। इसके तहत धर्मशाला के अलग-अलग क्षेत्रों को सेक्टरों में बांटकर वरिष्ठ अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।

पुलिस का प्रयास रहेगा कि विधानसभा परिसर तक पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों के काफिले जाम में न फंसें और आम लोगों को भी आवाजाही में परेशानी न हो।

धरने-प्रदर्शनों पर भी रहेगी नजर

सत्र के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से धरने और प्रदर्शन किए जाने की आशंका को देखते हुए पुलिस पहले से ही सुरक्षा रणनीति तैयार करेगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। प्रदर्शन और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन के माध्यम से भी की जाएगी। पुलिस की प्राथमिकता सत्र के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकना और विधानसभा की कार्यवाही शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना रहेगी।

पिछले सत्र में हुई थीं आठ बैठकें

तपोवन विधानसभा परिसर में वर्ष 2025 में पहली बार आठ बैठकें आयोजित की गई थीं। यह अपने आप में रिकॉर्ड था, क्योंकि इससे पहले यहां एक सत्र में इतनी बैठकें नहीं हुई थीं। वहीं, शीतकालीन सत्र के आयोजन पर होने वाला खर्च भी लगातार बढ़ा है। पहले इस पर करीब एक से डेढ़ करोड़ रुपये खर्च होते थे, जबकि अब यह बढ़कर लगभग दो करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

 

Pls read:Himachal: चुराह के चार स्कूलों को मिलेगी CBSE संबद्धता, 15 हजार महिलाओं को प्रस्तावित योजना का लाभ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *