Punjab: अरविंद केजरीवाल और बेटी को जान से मारने की धमकी, सात करोड़ की रंगदारी मांगी – The Hill News

Punjab: अरविंद केजरीवाल और बेटी को जान से मारने की धमकी, सात करोड़ की रंगदारी मांगी

मोहाली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले एक व्यक्ति ने दिल्ली के तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह को फोन कर यह धमकी दी। आरोपी ने व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर भी रंगदारी की मांग दोहराई। विधायक की शिकायत पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

विधायक जरनैल सिंह ने छह नवंबर को मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को दी शिकायत में बताया कि उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति का फोन आया था। इसके बाद उसी नंबर से उनके व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया। आरोपी के व्हाट्सएप प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था।

शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए विधायक से कहा कि वह केजरीवाल को सात करोड़ रुपये देने के लिए कहें। रकम नहीं देने पर केजरीवाल और उनकी बेटी की हत्या करने की धमकी दी गई।

विधायक को बनाया रंगदारी की मांग पहुंचाने का माध्यम

जरनैल सिंह ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने फोन के साथ लिखित व्हाट्सएप संदेश में भी रंगदारी की मांग दोहराई। उनके मुताबिक, आरोपी ने उन्हें माध्यम बनाकर केजरीवाल तक फिरौती की मांग और हत्या की धमकी पहुंचाने की कोशिश की। विधायक ने पुलिस से आरोपी और उसके साथियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल खंगालेगी पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आपराधिक धमकी, रंगदारी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत अपराध का पाया गया। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच साइबर क्राइम थाने के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है।

विधायक ने आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोपी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की है।

शिकायत के साथ धमकी भरे व्हाट्सएप संदेश का स्क्रीनशॉट भी पुलिस को सौंपा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

 

Pls reaD:Punjab: पंजाब पीसीएस मुख्य परीक्षा के परिणाम पर विवाद, अभ्यर्थियों ने सीबीआई जांच की मांग की

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *