Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात – The Hill News

Uttarakhand: मुख्यमंत्री ने नौवें जौनपुर महोत्सव का किया शुभारंभ, 52.55 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

थत्यूड़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टिहरी गढ़वाल जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र के थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 52.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को जौनपुर महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनसे नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। वहीं, खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने महोत्सव के आयोजन के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को नई दिशा मिली है। उत्तराखंड के युवा भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।

टिहरी झील को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना सरकार की प्राथमिकता है। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों को विस्तार मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। टिहरी झील को साहसिक पर्यटन और वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए करीब छह करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूरा कराया गया है। वहीं, 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का काम भी पूरा हो चुका है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में आठ करोड़ रुपये से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।

पलायन रोकने के लिए स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद जैसी पहलों के साथ हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस ब्रांड की शुरुआत से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी पहलों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में ही रोजगार और स्वरोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराकर गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है।

धामी ने कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास के साथ राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का संरक्षण भी जरूरी है। केदारखंड और मानसखंड के प्रमुख मंदिरों के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के कार्य इसी दिशा में किए जा रहे हैं।

थत्यूड़ सीएचसी बनेगा उप जिला चिकित्सालय

मुख्यमंत्री ने जौनपुर क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। उन्होंने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए 273 लाख रुपये तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए 4.72 करोड़ रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने का भी ऐलान किया। क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण और डामरीकरण से जुड़े मांगपत्रों पर विचार कर उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेब मिशन के तहत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयास प्रेरणादायी हैं।

कार्यक्रम में ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों का अनुवाद कर साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में योगदान देने के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान से सम्मानित किया गया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।

स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं और स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जौनपुर क्षेत्र में कृषि, उद्यानिकी और पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने भी विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महोत्सव समिति के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

 

Pls read:Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी से राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने की शिष्टाचार भेंट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *