काठमांडू। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी इलाके में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई गई है।
जिले में तैनात सशस्त्र पुलिस बल (एपीएफ) के पुलिस अधीक्षक निवान कुमार खड़का के अनुसार, हादसे में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और दो बच्चों की जान गई है। वैन सड़क से करीब 700 मीटर नीचे खाई में गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों को मौके पर भेजा गया और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
काठमांडू से मलंगवा जा रही थी वैन
एपीएफ के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वैन में कुल 15 लोग सवार थे। वाहन नेपाल की राजधानी काठमांडू से दक्षिणी सर्लाही जिले के मुख्यालय मलंगवा जा रहा था। हादसे में घायल चार लोगों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से तीन का इलाज बागमती प्रांत की राजधानी हेटौडा स्थित अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक खड़का ने बताया कि घटनास्थल के आसपास 12 शव मिले थे, जिनमें से तत्काल 10 लोगों की मौत की पुष्टि की गई। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नेपाल में सड़क हादसों में हर दिन सात लोगों की मौत
नेपाल में सड़क दुर्घटनाएं लगातार गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। नेपाल पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान सड़क हादसों में 2,707 लोगों की जान गई। इन आंकड़ों के मुताबिक, देश में प्रतिदिन औसतन सात लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत होती है, जबकि करीब 82 लोग घायल होते हैं।
2007 के बाद सड़क हादसों से आर्थिक नुकसान तीन गुना
विश्व बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, नेपाल में सड़क दुर्घटनाओं के कारण होने वाला आर्थिक नुकसान वर्ष 2007 के बाद से तीन गुना बढ़ गया है। यह नुकसान देश के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (जीएनपी) के करीब 1.5 प्रतिशत के बराबर है।
अध्ययन में यह भी सामने आया है कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे अधिक असर गरीब और कमजोर समुदायों पर पड़ता है। नेपाल में सड़क हादसों में जान गंवाने वालों में 70 प्रतिशत से अधिक ऐसे लोग हैं, जो सड़क पर सबसे ज्यादा असुरक्षित माने जाते हैं। इनमें पैदल यात्री, साइकिल सवार और मोटरसाइकिल चालक शामिल हैं।
नेपाल पुलिस के रिकॉर्ड के मुताबिक, यातायात नियमों के उल्लंघन में सबसे आम मामला निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन चलाना है। इसके बाद चालकों की लापरवाही और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के मामले सामने आते हैं।
Pls read:Nepal: नेपाल में बाढ़ के 22 दिन बाद भी 6 हजार से अधिक लोग लापता