UAE: रूस-यूक्रेन वार्ता में कुछ मुद्दों पर बनी सहमति, क्षेत्र और सुरक्षा गारंटी पर मतभेद बरकरार – The Hill News

UAE: रूस-यूक्रेन वार्ता में कुछ मुद्दों पर बनी सहमति, क्षेत्र और सुरक्षा गारंटी पर मतभेद बरकरार

अबूधाबी। रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में अबूधाबी में हुई वार्ता में कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई है, लेकिन कब्जे वाले क्षेत्रों और सुरक्षा गारंटी को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद अब भी कायम हैं। दो दिनों में करीब छह घंटे चली बातचीत के बाद रूसी मुख्य वार्ताकार व्लादिमीर मेडिंस्की ने कहा कि प्रमुख मुद्दों पर सहमति बनाने के लिए वार्ता के कुछ और दौर की जरूरत होगी।

वार्ता के बाद सकारात्मक माहौल बनाए रखने के प्रयासों के तहत अमेरिका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर गुरुवार को मास्को जाएंगे। वहां उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात होने की संभावना है। इसके बाद अमेरिकी दूत यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलने कीव भी जाएंगे।

सुरक्षा गारंटी और नियंत्रण वाले क्षेत्रों पर मतभेद

बुधवार को वार्ता समाप्त होने के बाद जेरेड कुशनर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच अविश्वास अभी बना हुआ है और इसे दूर करने में समय लगेगा। उन्होंने बताया कि नियंत्रण वाले क्षेत्रों और सुरक्षा गारंटी को लेकर दोनों देशों के बीच मतभेद कायम हैं।

वहीं, रूसी सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित बयान में मेडिंस्की ने कहा कि सुरक्षा गारंटी के तहत यूक्रेन में यूरोपीय देशों की सैन्य तैनाती का मुद्दा दो दिवसीय वार्ता के प्रमुख विषयों में शामिल रहा।

उन्होंने कहा कि अमेरिकी मध्यस्थता में हुई बातचीत के दौरान कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी है, जबकि कई मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बावजूद दोनों देशों के बीच बातचीत जारी रहेगी।

यूरोपीय देशों के प्रस्ताव का इंतजार

मेडिंस्की ने कहा कि दुनिया इस समय एक नई सुरक्षा व्यवस्था चाहती है, जो स्पष्ट और पारदर्शी हो तथा जिसका उद्देश्य किसी विशेष देश को घेरना न हो। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में होने वाली वार्ता में कुछ यूरोपीय देश भी शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, रूस और यूरोपीय संघ के बीच बातचीत की फिलहाल संभावना नहीं है। मेडिंस्की के मुताबिक, यूरोपीय देशों की ओर से अभी तक शांति को लेकर कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। जब ऐसा प्रस्ताव आएगा, तो उस पर विचार किया जाएगा और बातचीत का रास्ता खुल सकता है।

उन्होंने अमेरिकी दूतों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समझ-बूझ, जमीनी वास्तविकताओं की जानकारी और शांति की इच्छा ने वार्ता को आगे बढ़ाने में मदद की है। इसी वजह से कुछ मुद्दों पर सहमति बन सकी।

बड़े पैमाने पर युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति

वार्ता का एक अहम नतीजा रूस और यूक्रेन के बीच बड़े पैमाने पर युद्धबंदियों की अदला-बदली पर बनी सहमति है। मेडिंस्की ने बताया कि दोनों देश युद्ध के दौरान पकड़े गए बंदियों की बड़ी संख्या में रिहाई के लिए तैयार हो गए हैं।

युद्ध के दौरान दोनों देशों के बीच पहले भी बंदियों की अदला-बदली होती रही है, लेकिन इस बार बड़े स्तर पर यह प्रक्रिया पूरी करने की योजना है। यह अदला-बदली इसी महीने हो सकती है।

 

Pls read:Russia: रूस पर प्रतिबंधों में ढील से युद्ध लंबा खिंचने का खतरा, जेलेंस्की ने जताई चिंता

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *