Uttarakhand: साहित्य और संस्कृति के संरक्षण को प्रतिबद्ध सरकार: मुख्यमंत्री धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उनकी सरकार साहित्य और संस्कृति के संरक्षण और प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में ‘उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान’ के माध्यम से उत्कृष्ट साहित्यकारों को सम्मानित किया जा रहा है। साथ ही, ‘विभिन्न भाषाओं में ग्रंथ प्रकाशन के लिए वित्तीय सहायता योजना’ के तहत साहित्यकारों को अनुदान भी दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि सरकार प्रदेश के उत्कृष्ट साहित्यकारों को ‘साहित्य भूषण’ और ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट’ पुरस्कार से सम्मानित कर रही है, जिसके अंतर्गत हाल ही में पाँच-पाँच लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की गई है। युवा पीढ़ी को साहित्य के प्रति आकर्षित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है ताकि वे अपनी सांस्कृतिक और साहित्यिक धरोहर से जुड़ सकें।

मुख्यमंत्री धामी शनिवार को देहरादून के हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, गढ़ी कैंट में QUA द्वारा आयोजित डेरा कवि सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

कवि सम्मेलन में मौजूद डॉ. कुमार विश्वास सहित सभी कवियों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कवि केवल शब्दों के निर्माता नहीं होते, बल्कि समाज के चिंतक, मार्गदर्शक और प्रेरक भी होते हैं। उनकी कविताएं समाज को आईना दिखाने का काम करती हैं। जब समाज उलझनों में घिर जाता है, तब कवि अपनी लेखनी से समाज को नई दिशा दिखाने और सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रयास करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को भी कवियों और रचनाकारों की रचनाओं ने गति दी, जिन्होंने देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से रचनात्मकता का केंद्र रहा है, जहाँ विचारों की ज्योति ने हर युग में समाज को प्रेरित किया है। हरिऔध, सुमित्रानंदन पंत, गीर्दा और नागार्जुन जैसे कवियों की रचनाएँ आज भी उत्तराखंड की वादियों में गूंजती हैं।

इस अवसर पर भरत कुकरेती, मयंक अग्रवाल, आशुतोष, कुशल कुशलेन्द्र, सुदीप भोला, कविता तिवारी, रमेश मुस्कान, QUA संस्था के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।

 

Pls read:Uttarakhand: रुद्रप्रयाग में नरभक्षी गुलदार का आतंक, आठ दिन बाद भी वन विभाग के हाथ खाली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *