लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले आठ वर्षों में 29 महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं को पूरा किया है, जिससे 43.53 लाख से अधिक किसानों को लाभ पहुँच रहा है। इन परियोजनाओं के कारण प्रदेश में 19.11 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई क्षमता का सृजन हुआ है, जिससे कृषि उत्पादन क्षमता में भी वृद्धि हुई है।
“हर खेत को पानी” के विजन के तहत पूरी की गई सात वृहद सिंचाई परियोजनाओं में बाणसागर नहर परियोजना, लहचूरा बांध परियोजना, पहाड़ी बांध परियोजना, सरयू नहर राष्ट्रीय परियोजना, अर्जुन सहायक नहर परियोजना, उत्तर प्रदेश वाटर रिस्ट्रक्चरिंग परियोजना फेज-2 और उमरहठ पंप परियोजना द्वितीय चरण शामिल हैं।

इन परियोजनाओं से मीरजापुर, प्रयागराज, महोबा, हमीरपुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोरखपुर, महराजगंज, बांदा, अमेठी, रायबरेली, इटावा, एटा, कन्नौज, कानपुर देहात, कासगंज, कौशांबी, फतेहपुर, फर्रूखाबाद, फिरोजाबाद, बाराबंकी, मैनपुरी और ललितपुर जिलों के किसान लाभान्वित हो रहे हैं।
इसके अलावा, 16 मध्यम श्रेणी की सिंचाई परियोजनाएं और छह लघु सिंचाई परियोजनाएं भी पूरी की गई हैं। इनमें कई परियोजनाएं वर्षों से लंबित थीं, जिन्हें सरकार ने पूरा किया है। इन परियोजनाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ा गया है, जिससे निगरानी, पारदर्शिता और कार्यक्षमता में वृद्धि हुई है।
Pls read:Uttarpradesh: अमित शाह लखनऊ में 60,244 सिपाहियों को देंगे नियुक्ति पत्र