आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में यमुना नदी में नहाते समय छह लड़कियों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से चार लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक लड़कियों में तीन सगी बहनें शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, एक लड़की की शादी तय थी और उसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन यमुना नदी में हुए हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर में बरात आनी थी, उसी घर में छह लड़कियों के शव पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तय थी शादी, अधूरे रह गए सपने:
मुस्कान की शादी सिकंदरा के गांव महल में तय हुई थी और 1 नवंबर को देवोत्थान के दिन उसकी शादी होनी थी। परिवार वाले शादी की तैयारियों में जुटे थे। मुस्कान के दादा विजय सिंह ने बताया कि रोज़ रात को मजदूरी से घर आने के बाद पांचों बेटियां अपने पिता के साथ ऑनलाइन कपड़े पसंद करती थीं। लेकिन अब सब सपने अधूरे रह गए।
मुस्कान की माँ कांता सुबह सत्संग गई थीं और पिता सुरेश मजदूरी पर। बेटियों की मौत की खबर सुनकर वह नंगे पैर घर की ओर दौड़े।
सेल्फी और रील का वीडियो वायरल:

हादसे से एक दिन पहले मुस्कान ने अपनी मौसेरी बहन और मौसी के साथ यमुना नदी में एक रील और सेल्फी ली थी, जिसका वीडियो अब वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि लड़कियां अक्सर नदी में वीडियो बनाने जाती थीं।
हादसे के बाद लखनऊ से फोन, दौड़े अफसर:
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री सचिवालय से फोन आने लगे और आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझाकर राज़ी किया।
मुख्यमंत्री ने की मुआवज़े की घोषणा:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
कैसे हुआ हादसा:
सुरेश चंद्र की तीन बेटियां मुस्कान (18), दिव्या (15), संध्या उर्फ कंचन (12), उनकी चचेरी बहन नैना (14) और चचेरे भाई दीपेश (14) यमुना नदी में नहाने गए थे। उनके साथ दो रिश्तेदार लड़कियां शिवानी (17) और सोनम (12) भी थीं। नहाते समय मुस्कान और शिवानी गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उन्हें बचाने के प्रयास में बाकी लड़कियां भी डूब गईं। दीपेश किसी तरह बाहर निकला और शोर मचाया। ग्रामीणों ने लड़कियों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
Pls Read:Uttarpradesh: बोधि यात्रा से दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों संग संबंध मजबूत होंगे: मुख्यमंत्री योगी