Punjab: बीएसएफ़ जवान पूर्णम कुमार शॉ पाकिस्तान की हिरासत से रिहा

अमृतसर: पाकिस्तान रेंजर्स ने भारतीय सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ़) के जवान पूर्णम कुमार शॉ को भारत को सौंप दिया है। शॉ 23 अप्रैल को अनजाने में अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर पाकिस्तान के क्षेत्र में चले गए थे, जिसके बाद उन्हें पाकिस्तानी रेंजर्स ने हिरासत में ले लिया था। अटारी बॉर्डर के रास्ते शॉ की भारत वापसी हुई है।

पूर्णम कुमार शॉ बीएसएफ़ की 182वीं बटालियन में तैनात थे और फिरोजपुर सेक्टर में अपनी सेवाएं दे रहे थे। 23 अप्रैल को ममदोट में फेंसिंग पर लगे गेट नंबर 208/1 के पास उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आराम करने के लिए वह एक पेड़ के नीचे बैठ गए। दुर्भाग्यवश, यह स्थान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बेहद करीब था और अनजाने में वे सीमा पार कर गए। पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें वहां देखा और हिरासत में ले लिया, साथ ही उनके हथियार भी जब्त कर लिए।

घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय सुरक्षाबलों के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पाकिस्तानी रेंजर्स से बातचीत शुरू की। उन्होंने बताया कि शॉ हाल ही में इस क्षेत्र में स्थानांतरित हुए थे और उन्हें जीरो लाइन की सटीक जानकारी नहीं थी। उन्होंने शॉ की रिहाई की अपील की, लेकिन उस समय पाकिस्तान ने उन्हें वापस करने से इनकार कर दिया था।

हालांकि, पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान ने अपना रुख़ नरम किया और पूर्णम कुमार शॉ को रिहा कर दिया। माना जा रहा है कि भारत के दबाव के चलते ही पाकिस्तान ने शॉ को वापस लौटाने का फैसला लिया।

 

Pls read:Pakistan: पाकिस्तान ने माना, भारत की कार्रवाई में 11 सैनिक मारे गए, 78 घायल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *