
वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की के साथ अलग-अलग फ़ोन पर बातचीत की। बातचीत का मुख्य विषय यूक्रेन युद्ध को समाप्त करना था। ट्रंप ने एक्स (ट्विटर) पर जानकारी दी कि उन्होंने और पुतिन ने अपनी-अपनी टीमों को तुरंत बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है।
ज़ेलेंस्की के कार्यालय के अनुसार, ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई। वहीं, रूस की ओर से बताया गया कि पुतिन और ट्रंप की बातचीत क़रीब डेढ़ घंटे चली, जिसमें दोनों नेता मिलने पर सहमत हुए और पुतिन ने ट्रंप को मॉस्को आने का न्योता दिया।
इस बीच, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि यूक्रेन का 2014 से पहले वाली सीमाओं पर वापस लौटना संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी प्रशासन युद्ध के समाधान के रूप में कीव के लिए नाटो सदस्यता पर विचार नहीं कर रहा है।
रूस द्वारा यूक्रेन पर आक्रमण के बाद से कोई शांति वार्ता नहीं हुई है। युद्ध अब अपनी तीसरी वर्षगांठ के क़रीब है।
एक अन्य घटनाक्रम में, रूस ने अमेरिकी शिक्षक मार्क फ़ोगेल को रिहा कर दिया है। व्हाइट हाउस ने इसे कूटनीतिक सफलता बताते हुए कहा कि इससे मॉस्को के साथ संबंध सुधारने और युद्ध समाप्ति की दिशा में बातचीत को बढ़ावा मिलेगा। ट्रंप ने एक और अमेरिकी की रिहाई का भी संकेत दिया है। फ़ोगेल की रिहाई के बदले अमेरिका ने एक रूसी नागरिक को रिहा किया है।
Pls read:US: पीएम मोदी अमेरिकी दौरे पर, तुलसी गबार्ड से की मुलाकात