जालंधर: पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी दिखाई दे रहा है। जालंधर समेत पंजाब के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही शीतलहर चली, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। सुबह हल्का कोहरा भी छाया रहा। दिन में धूप निकली, लेकिन शीतलहर के कारण इसका असर कम रहा और लोग ठंड से ठिठुरते रहे।
जगह-जगह लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते दिखे। शहर का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में महज 3.7 डिग्री सेल्सियस का अंतर होने से दिनभर ठिठुरन बनी रही।
मौसम विभाग ने बुधवार और गुरुवार को भी धुंध और शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, दिन में मौसम साफ रहने की संभावना है।
होशियारपुर में बारिश के बाद धुंध:
होशियारपुर में बारिश के बाद तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। पिछले चार दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए हैं और मौसम विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों तक ऐसा ही रहने की उम्मीद है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश के बाद धुंध ने भी दस्तक दी है, जिससे सुबह के समय दृश्यता कम हो गई है और वाहन धीमी गति से चल रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है।
फसलों के लिए फायदेमंद:
ठंड से जहां लोग परेशान हैं, वहीं फसलों और सब्जियों के लिए यह मौसम फायदेमंद है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, अब सिंचाई की जरूरत कम है और खेतों में नमी फसलों के लिए खाद का काम करेगी। यह मौसम विशेष रूप से गेहूं की फसल के लिए अच्छा है, क्योंकि ठंड से गेहूं की फसल अच्छी तरह से बढ़ती है।
Pls read:Punjab: पंजाब सरकार का नागरिक-केंद्रित सुगम और निर्बाध सेवाएं प्रदान करने हेतु कई पहल