देहरादून/शिमला: लगभग दो महीनों के सूखे के बाद हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश की उम्मीद जगी है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 7 दिसंबर से पहाड़ी राज्यों में मौसम में बदलाव आ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, 8 और 9 दिसंबर को अधिकांश हिमालयी क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है और ऊँचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।
अक्टूबर की शुरुआत में मानसून के जाने के बाद से उत्तराखंड में सूखा पड़ा हुआ है। हालांकि हिमाचल के उच्च हिस्सों में बर्फवारी और हल्की बारिश हुई थी। उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में शुष्क मौसम रहा है और तेज धूप खिली रही है। हालांकि, बीच-बीच में कुछ दिन पर्वतीय क्षेत्रों में बादल छाए रहे और हल्की से मध्यम वर्षा हुई, लेकिन यह बहुत कम थी। नवंबर महीना भी सूखा ही रहा। बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बौछारें पड़ीं, जबकि देहरादून समेत अन्य क्षेत्रों में तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार, अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। 7 दिसंबर को पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड समेत आसपास के हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होगा, जिससे हल्की वर्षा हो सकती है और ऊँचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है और पिछले 24 घंटों में इसमें 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक है।