South korea: दक्षिण कोरिया में  मार्शल लॉ हटा, राष्ट्रपति यूं सुक येओल पर पद छोड़ने का दबाव – The Hill News

South korea: दक्षिण कोरिया में  मार्शल लॉ हटा, राष्ट्रपति यूं सुक येओल पर पद छोड़ने का दबाव

खबरें सुने

सियोल: दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति यूं सुक येओल ने बुधवार तड़के आपातकालीन मार्शल लॉ को हटाने की घोषणा की। नेशनल असेंबली द्वारा मार्शल लॉ समाप्त करने के पक्ष में मतदान करने के बाद यह फैसला लिया गया। यूं की कैबिनेट ने भी मार्शल लॉ प्रवर्तन समाप्त करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी थी। यह कदम मंगलवार को राष्ट्रपति द्वारा मार्शल लॉ की घोषणा के लगभग छह घंटे बाद आया है। आपातकालीन घोषणा से देश में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए थे और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गंभीर चिंताएँ व्यक्त की गई थीं।

मंगलवार को राष्ट्रपति यूं सुक येओल द्वारा अचानक मार्शल लॉ की घोषणा किए जाने के बाद सैनिकों ने संसद में प्रवेश करने का प्रयास किया था। हालाँकि, सांसदों और प्रदर्शनकारियों के तीव्र विरोध के बाद संसद अध्यक्ष ने इस आदेश को अमान्य करार दे दिया। सांसदों ने बुधवार आधी रात को ही इस आदेश को रद्द करने के पक्ष में मतदान किया था। दक्षिण कोरियाई कानून के अनुसार, संसद के बहुमत से मांग करने पर राष्ट्रपति को तुरंत मार्शल लॉ हटाना पड़ता है।

राष्ट्रपति पर पद छोड़ने का दबाव: दक्षिण कोरिया की मुख्य विपक्षी पार्टी, डेमोक्रेटिक पार्टी ने राष्ट्रपति यूं पर मार्शल लॉ लागू करने के प्रयास के लिए विद्रोह का आरोप लगाते हुए उनसे पद छोड़ने की मांग की है। पार्टी के फ्लोर लीडर पार्क चान-डे ने कहा कि भले ही मार्शल लॉ हटा लिया गया है, लेकिन विद्रोह के आरोपों से बचना असंभव है और उन्हें पद छोड़ना होगा।

राष्ट्रपति के अपने ही पार्टी के नेताओं का विरोध: राष्ट्रपति येओल के इस कदम का उनकी अपनी पार्टी के नेता हैन डोंग-हून ने भी विरोध किया। हून ने संसद में मार्शल लॉ के खिलाफ मतदान में हिस्सा लिया और हाल के विवादों को सुलझाने के तरीके को लेकर येओल से उनका टकराव भी हुआ। टीवी फुटेज में हेलमेट पहने सैनिकों को संसद में घुसते हुए दिखाया गया था, जिन्हें सांसदों और अधिकारियों ने रोका।

राष्ट्रपति का बयान और अंतर्राष्ट्रीय प्रतिक्रिया: अपनी घोषणा के दौरान, यूं सुक येओल ने दावा किया कि विपक्षी दलों ने संसद पर कब्ज़ा कर लिया है और उत्तर कोरिया समर्थित ताकतों को खत्म करने की कसम खाई थी। उन्होंने कहा कि उनके पास संवैधानिक व्यवस्था की सुरक्षा के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचा था। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने कहा कि अमेरिका दक्षिण कोरियाई सरकार के लगातार संपर्क में है और स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है।

राष्ट्रपति यूं ने एक टेलीविज़न भाषण में कहा, “इस मार्शल लॉ के ज़रिए, मैं कोरिया गणराज्य का पुनर्निर्माण और सुरक्षा करूंगा, जो राष्ट्रीय बर्बादी की गहराई में गिर रहा है।” उन्होंने कहा कि वह जल्द से जल्द राज्य-विरोधी ताकतों को खत्म करेंगे और देश को सामान्य बनाएंगे। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रपति यूं की स्वीकृति रेटिंग हाल के महीनों में गिरी है और वे विपक्ष द्वारा नियंत्रित संसद के साथ अपने एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बजट बिल को लेकर विपक्षी पार्टी के साथ गतिरोध भी चल रहा था।

 

Pls read:US: शीतकालीन अवकाश के बाद अमेरिका लौटने को लेकर विदेशी छात्रों को सलाह, ट्रम्प के शपथ ग्रहण से पहले ही अलर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *