Mumbai: देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार बनेंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री – The Hill News

Mumbai: देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार बनेंगे महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री

खबरें सुने

मुंबई: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने देवेंद्र फडणवीस को महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री पद के लिए अपना नेता चुन लिया है। भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से उनका नाम पारित किया गया। पांच दिसंबर को शाम पांच बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

महाराष्ट्र विधानसभा भवन में आयोजित विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी मौजूद थे। भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगांटीवार ने फडणवीस के नाम का प्रस्ताव रखा, जिस पर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई। विजय रूपाणी ने फडणवीस को विधायक दल का नेता घोषित करते हुए आशीष शेलार को महाराष्ट्र भाजपा का मुख्य सचेतक नियुक्त करने की घोषणा की। नागपुर में फडणवीस के आवास के बाहर जश्न का माहौल है।

ऐतिहासिक जनादेश: भाजपा कोर कमेटी की बैठक में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को जीत मिली है और जनता ने महायुति को ऐतिहासिक जनादेश दिया है। नेता चुने जाने के बाद फडणवीस ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे महाराष्ट्र को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रधानमंत्री मोदी ने उन पर भरोसा जताया है।

तीसरा कार्यकाल: यह फडणवीस का तीसरा मुख्यमंत्री कार्यकाल होगा। वे पहली बार 2014 में मुख्यमंत्री बने थे और उन्होंने पांच साल का कार्यकाल पूरा किया। 2019 में वे 80 घंटे के लिए मुख्यमंत्री रहे थे और बाद में एकनाथ शिंदे की सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे।

महायुति की बैठक और मंत्रिमंडल: सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में महायुति नेताओं की बैठक हुई, जिसमें छह विधायक और एक मंत्री के फॉर्मूले पर चर्चा हुई। दोपहर साढ़े तीन बजे महायुति की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्रिमंडल से जुड़ी घोषणाएँ होने की उम्मीद है।

महायुति का प्रचंड बहुमत: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला है। भाजपा ने 132 सीटें जीती हैं, शिवसेना (शिंदे गुट) ने 57, और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने 41 सीटें जीती हैं। महायुति को कुल 236 सीटें मिली हैं और भाजपा को पाँच निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है

 

Pls read:Delhi: संभल जाने से रोका गया राहुल-प्रियंका का काफिला, विपक्षी नेताओं ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *