![](https://thehillnews.in/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में आई आपदा के लिए तुरंत धनराशि जारी करने की मांग की है। सीएम ने अमित शाह को बताया कि हिमाचल में बरसात में आई प्राकृतिक आपदा से संबंधित ‘आपदा उपरांत जरूरतों की आकलन रिपोर्ट’ गृह मंत्रालय को भेजी गई है, जिसपर उन्हें तुरंत मदद देनी चाहिए। पुनर्निर्माण प्रयासों में मदद के लिए धनराशि शीघ्र जारी करने का आग्रह भी किया।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात कर रियायती हेलीकाप्टर सेवा योजना के तहत विभिन्न मार्गों को शामिल करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश ने पहले ही मार्गों का विवरण मंत्रालय को भेज दिया है। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत 658.31 करोड़ रुपये के प्रस्ताव प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अवगत करवाया कि गृह मंत्रालय ने केवल 3.87 करोड़ रुपये की राशि के 14 कार्यों के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी है। उन्होंने शेष राशि शीघ्र स्वीकृत करने का आग्रह कर कहा कि इन गांवों का विकास राष्ट्रीय सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने राज्य को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
यह पढ़ेंःUttarakhand: देहराखास में अनियोजित विकास कार्य़ों पर शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद नाराज