देहरादून। भारत स्काउट एवं गाइड के स्थापना दिवस पर शनिवार को संस्था के उत्तराखण्ड प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ पहनाकर सम्मानित किया और स्थापना दिवस का फ्लैग स्टीकर लगाया। मुख्यमंत्री ने संस्था से जुड़े पदाधिकारियों, स्काउट्स और गाइड्स को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं में अनुशासन, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में भारत स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका है। संस्था युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाने के साथ ही उन्हें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए प्रेरित करती है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में स्काउट एवं गाइड के स्वयंसेवकों का योगदान सराहनीय है। युवाओं को सेवा और सहयोग के भाव से जोड़ने वाली ऐसी संस्थाएं समाज के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि संस्था भविष्य में भी युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास में योगदान देती रहेगी।
इस अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड के प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और उत्तराखण्ड में संचालित कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत स्काउट एवं गाइड की स्थापना 7 नवंबर 1950 को हुई थी। स्थापना दिवस के अवसर पर संस्था की ओर से देशभर में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाया जाता है।
रविन्द्र मोहन काला ने उत्तराखण्ड में संचालित हैम रेडियो पायलट प्रोजेक्ट के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था युवा आपदा मित्र कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण भी दे रही है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों में आवश्यक जानकारी और कौशल से परिचित कराना है, ताकि वे आपदा के समय राहत एवं बचाव से जुड़े कार्यों में सहयोग कर सकें।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को संस्था की ओर से संचालित प्रशिक्षण और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना करते हुए संस्था के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अपर प्रादेशिक मुख्य आयुक्त बंदना गर्ब्याल, प्रादेशिक सचिव रविन्द्र मोहन काला, प्रादेशिक वित्त समिति के सदस्य जे.पी. काला, प्रादेशिक संगठन आयुक्त अंजलि चन्दोला, प्रशासनिक अधिकारी अरुण राय, सहायक प्रादेशिक प्रशिक्षण आयुक्त राहुल प्रसाद रतूड़ी तथा गाइड योजना और इशा ठाकुर उपस्थित रहीं।
Pls read:Uttarakhand: कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल बरेली से गिरफ्तार