लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ के पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव 2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं में निहित है। अपनी जड़ों से जुड़ाव बनाए रखना आने वाली पीढ़ियों को अपनी विरासत से परिचित कराने का भी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को मातृभूमि से जोड़ने और प्रदेश के विकास में उनकी भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ राज्य को दिलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड का रिश्ता सहोदर भाइयों जैसा
धामी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध नहीं हैं, बल्कि दोनों राज्यों का ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों, बेहतर आधारभूत सुविधाओं और निवेश के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को महत्वपूर्ण परियोजना बताते हुए कहा कि इससे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से इस एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किया गया है, ताकि उत्तराखण्ड को भी इसका लाभ मिल सके। धामी ने प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र में करीब 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का भी उल्लेख किया।
चारधाम और कनेक्टिविटी परियोजनाओं से विकास को गति
मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड में चल रही विकास परियोजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण और बदरीनाथ मास्टर प्लान पर काम किया जा रहा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं से राज्य की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में पर्यटक और श्रद्धालु शामिल हुए। सरकार शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के साथ धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार कर रही है। इससे स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, होटल कारोबारियों और छोटे व्यापारियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
धामी ने कहा कि कैंची धाम सहित बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। इसके साथ ही इको टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, वेलनेस टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि पर्यटन का लाभ दूरस्थ गांवों तक पहुंचे।
भू-कानून और नकल विरोधी कानून का किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय पहचान के संरक्षण के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून को राज्य सरकार की प्रमुख पहल बताया। उनके अनुसार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया।
धामी ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य कानून का राज स्थापित करना, युवाओं के भविष्य की रक्षा करना और सभी नागरिकों को समान अवसर देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखण्ड वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी मौजूद रहे।
Pls read:Uttarakhand: बैणी-भुली योजना से पांच लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा आर्थिक संबल : धामी