नई दिल्ली। लोकप्रिय वेब सीरीज पंचायत के पांचवें सीजन का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अच्छी खबर है। मेकर्स ने पंचायत सीजन 5 की रिलीज डेट घोषित कर दी है। जितेंद्र कुमार एक बार फिर सचिव जी के किरदार में फुलेरा गांव की दुनिया में लौटेंगे। यह सीरीज 3 दिसंबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।
240 से अधिक देशों में होगा प्रीमियर
प्राइम वीडियो पर इस सीजन का प्रीमियर भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में किया जाएगा। नए सीजन में एक बार फिर फुलेरा गांव के किरदारों, उनकी आपसी नोकझोंक, स्थानीय राजनीति और हास्य के साथ भावनात्मक पलों की झलक देखने को मिलेगी।
सीरीज का निर्माण द वायरल फीवर (TVF) ने किया है। इसका निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। कहानी की रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने की है।
पुरानी कलाकारों की टोली फिर आएगी नजर
पांचवें सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक समेत प्रमुख कलाकार अपने पुराने किरदारों में दिखाई देंगे।
फुलेरा को मिला नया मुखिया, बढ़ेगी राजनीतिक हलचल
इस बार कहानी में फुलेरा की राजनीति एक नया मोड़ लेने वाली है। गांव को नया मुखिया मिल चुका है और बनराकस के प्रधानपति बनने के बाद सत्ता के समीकरण बदलने के संकेत हैं।
दर्शकों के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि बनराकस गांव के विकास के लिए क्या योजनाएं बनाता है और उसके वादे कितने पूरे होते हैं। नए नेतृत्व के साथ फुलेरा में प्रतिद्वंद्विता, राजनीतिक खींचतान और आपसी रिश्तों में बदलाव देखने को मिल सकता है।
Pls read:Bollywood: रणबीर कपूर की रामायणम् ने तोड़ा धुरंधर का रिकॉर्ड, 12 दिन में 1384 करोड़ पार