वॉशिंगटन। दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर हलचल तेज हो गई है। कंपनी ने लंबे समय तक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रहे जेनसन हुआंग के स्थायी उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हुआंग के इस्तीफे के बाद कंपनी के सामने अब ऐसे नेतृत्वकर्ता को चुनने की चुनौती है, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बदलते दौर में एनवीडिया की मजबूत स्थिति बनाए रख सके। इस पद के लिए भारतीय मूल के तीन दिग्गजों समेत कई बड़े टेक्नोलॉजी अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं।
कंपनी के बोर्ड ने संकेत दिया है कि नए सीईओ के चयन के लिए आंतरिक और बाहरी दोनों तरह के उम्मीदवारों पर विचार किया जा सकता है। निवेशक और बाजार विशेषज्ञ ऐसे व्यक्ति को इस पद पर देखना चाहते हैं, जिसे तकनीक की गहरी समझ हो, भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाने की क्षमता हो और वित्तीय प्रबंधन का भी अच्छा अनुभव हो। फिलहाल कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस्स अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
भारतीय मूल के तीन नाम चर्चा में
एनवीडिया के संभावित उत्तराधिकारियों में भारतीय मूल के संजय मेहरोत्रा, निकेश अरोड़ा और थॉमस कुरियन के नाम शामिल हैं।
संजय मेहरोत्रा मेमोरी चिप निर्माता माइक्रोन के सीईओ हैं। उन्हें सेमीकंडक्टर उद्योग में चार दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 1988 में सैनडिस्क की सह-स्थापना की थी और बाद में कंपनी के सीईओ के रूप में भी काम किया। 2017 से माइक्रोन का नेतृत्व कर रहे मेहरोत्रा ने कंपनी को एआई सिस्टम के लिए महत्वपूर्ण मेमोरी चिप्स की आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी बनाने में भूमिका निभाई है।
दूसरा नाम निकेश अरोड़ा का है, जो पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के सीईओ हैं। वह 2018 से कंपनी का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले सॉफ्टबैंक और गूगल में महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके अरोड़ा को तकनीक और साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है।
तीसरे संभावित उम्मीदवार थॉमस कुरियन हैं, जो गूगल क्लाउड के सीईओ हैं। वह क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, एंटरप्राइज सॉफ्टवेयर और एआई सेवाओं से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं।
कंपनी के भीतर और बाहर के अन्य दावेदार
कोलेट क्रेस्स भी स्थायी सीईओ पद की संभावित उम्मीदवार मानी जा रही हैं। वह 2013 से एनवीडिया की सीएफओ हैं और माइक्रोसॉफ्ट, सिस्को तथा टेक्सस इंस्ट्रूमेंट्स जैसी कंपनियों में काम कर चुकी हैं।
इसके अलावा एनवीडिया के वरिष्ठ अधिकारी इयान बक का नाम भी चर्चा में है। उन्होंने कंपनी के CUDA सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म के विकास में अहम भूमिका निभाई है, जिसने एनवीडिया के ग्राफिक्स प्रोसेसर को एआई और सामान्य कंप्यूटिंग के क्षेत्र में उपयोगी बनाया।
आर्म के सीईओ रेने हास, इंटेल के पूर्व प्रमुख पैट गेल्सिंगर और एएमडी की सीईओ लिसा सू भी संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं। इन सभी को चिप उद्योग और तकनीकी कारोबार का व्यापक अनुभव है।
एप्पल के अधिकारियों पर भी नजर
संभावित उम्मीदवारों की सूची में एप्पल के हार्डवेयर प्रमुख जॉनी सरौजी और कंपनी के पूर्व सीईओ टिम कुक का नाम भी शामिल है। सरौजी ने एप्पल के स्वयं के प्रोसेसर विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं टिम कुक को बड़ी टेक कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन संभालने और कारोबार का विस्तार करने का अनुभव है।
इसके अलावा मार्वेल टेक्नोलॉजी के सीईओ मैट मर्फी भी इस दौड़ में संभावित दावेदार माने जा रहे हैं। उन्होंने कंपनी को एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और डेटा सेंटर से जुड़े कारोबार में मजबूत बनाने में योगदान दिया है।
फिलहाल एनवीडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती ऐसा सीईओ चुनने की है, जो कंपनी की तकनीकी क्षमता, निवेशकों का भरोसा और एआई बाजार में उसकी बादशाहत को बरकरार रख सके।
Pls read:US: अमेरिकी चुनाव में हार के लिए जेडी वेंस ने ईरान युद्ध को ठहराया जिम्मेदार