US: अमेरिकी चुनाव में हार के लिए जेडी वेंस ने ईरान युद्ध को ठहराया जिम्मेदार – The Hill News

US: अमेरिकी चुनाव में हार के लिए जेडी वेंस ने ईरान युद्ध को ठहराया जिम्मेदार

वाशिंगटन। अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के बाद राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के खेमे में ईरान युद्ध को लेकर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने चुनावी नतीजों के लिए ईरान संघर्ष को प्रमुख वजह बताया है। खास बात यह है कि ट्रंप के बड़े बेटे डोनल्ड ट्रंप जूनियर ने भी वेंस की टिप्पणी का समर्थन किया है।

जेडी वेंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि रिपब्लिकन पार्टी की हार की वजह युद्ध है। उन्होंने लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने भी पिछली रात इसी बात का उल्लेख किया था। वेंस के मुताबिक, ईरान संघर्ष के साथ बढ़ती महंगाई और अमेरिकी विदेश नीति को लेकर मतदाताओं की चिंताओं का समाधान नहीं कर पाना भी पार्टी के लिए नुकसानदेह रहा।

ट्रंप जूनियर ने पोस्ट को किया रीपोस्ट

वेंस की पोस्ट के करीब एक घंटे बाद डोनल्ड ट्रंप जूनियर ने उसे रीपोस्ट किया। उन्होंने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पोस्ट में कही गई हर बात बिल्कुल सही है। ट्रंप जूनियर की इस प्रतिक्रिया को ईरान युद्ध के मुद्दे पर वेंस के रुख के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है।

वेंस बोले, हार पर ईमानदार चर्चा जरूरी

उपराष्ट्रपति ने अपनी पोस्ट में कहा कि अगर कोई यह मानता है कि युद्ध में शामिल होना उचित था और इसके बदले सीनेट में अगले छह वर्षों के लिए नुकसान उठाना सही कीमत थी, तो वह ऐसा तर्क दे सकता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि कम से कम इस मुद्दे पर ईमानदारी से चर्चा होनी चाहिए।

वेंस ने जोर दिया कि चुनावी हार के कारणों पर किसी भी गंभीर बातचीत की शुरुआत युद्ध के प्रभाव को स्वीकार करने से होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि देश के भविष्य को लेकर वह अब भी आशावान हैं।

मतदाताओं की नाराजगी को दिशा देने की अपील

वेंस ने उन लोगों का भी उल्लेख किया जो चुनावी नतीजों से नाराज हैं और पहले ही युद्ध को लेकर चेतावनी दे चुके थे। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की बात को स्वीकार किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपनी नाराजगी को राजनीतिक भागीदारी में बदलने और अपनी सोच से मेल खाने वाले रिपब्लिकन नेताओं को चुनने की अपील की।

इस पूरे घटनाक्रम ने रिपब्लिकन पार्टी के भीतर ईरान युद्ध और उसकी राजनीतिक कीमत को लेकर चर्चा को तेज कर दिया है। वेंस और ट्रंप जूनियर की टिप्पणियां दिखाती हैं कि पार्टी के कुछ प्रमुख चेहरों के बीच चुनावी नतीजों के कारणों पर युद्ध के प्रभाव को लेकर सहमति है

 

Pls read:US: संसद में डेमोक्रेट्स के बहुमत के बीच ट्रंप ने दिखाई वीटो की ताकत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *