Uttarpradesh: बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, प्रदेश बना निवेश का प्रमुख केंद्र : योगी – The Hill News

Uttarpradesh: बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड, प्रदेश बना निवेश का प्रमुख केंद्र : योगी

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तथा बुलडोजर की कार्रवाई ने प्रदेश को निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। यदि कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर का निर्माण करेंगी तो देश-विदेश में इनकी मांग अपने आप बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर निर्माण संयंत्र की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। 100 एकड़ में स्थापित होने वाले इस प्लांट पर 1,200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है।

जेवर बन रहा भारत का गहना और निवेश का केंद्र

योगी ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध के कारण बदनाम था, वही जेवर आज भारत के गहने के रूप में निवेश के लिए बेहतरीन गंतव्य बन रहा है।

उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ पूरा क्षेत्र बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है। यहां एचसीएल-फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं विकसित हो रही हैं।

बीमारू से देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ यूपी

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश पलायन, पिछड़ेपन और अराजकता जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बन गया है। उत्तर प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश टॉप अचीवर रहा है और डीरेग्युलेशन में देश में पहले स्थान पर है। कभी बीमारू राज्यों में गिने जाने वाला उत्तर प्रदेश अब बॉटम फाइव से बाहर निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो गया है। राज्य एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।

साढ़े नौ साल में मिले 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं। आगामी इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से 7.50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है।

किसानों और युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल का नया प्लांट प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक निर्माण क्षेत्र को नई गति देगा। इस निवेश से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस परियोजना से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कंपनी प्रबंधन को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षण

योगी ने कहा कि टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी कंपनियों के सहयोग से प्रदेश के विशाल जनसांख्यिकीय लाभांश को कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप प्रशिक्षित कर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार करना है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश नवाचार और रोजगार के नए अवसर विकसित कर रहा है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, विधायक धीरेंद्र सिंह और तेजपाल सिंह नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और सीईओ गैरीट मार्क्स सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

Pls read:Uttarpradesh: विधानसभा चुनाव न लड़ने के अखिलेश के एलान पर भाजपा का हमला, पंकज चौधरी ने कहा ‘रणछोड़’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *