Delhi: गोवा के नाइटक्लब अग्निकांड में पच्चीस लोगों की मौत के जिम्मेदार लूथरा भाइयों को पुलिस थाईलैंड से भारत लाई – The Hill News

Delhi: गोवा के नाइटक्लब अग्निकांड में पच्चीस लोगों की मौत के जिम्मेदार लूथरा भाइयों को पुलिस थाईलैंड से भारत लाई

नई दिल्ली। गोवा के चर्चित बर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब अग्निकांड मामले में एक बड़ी और अहम कामयाबी मिली है। 6 दिसंबर को हुए इस भीषण हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले के मुख्य आरोपी नाइटक्लब के मालिक लूथरा भाई गौरव और सौरभ लूथरा को आखिरकार कानून के शिकंजे में ले लिया गया है। दोनों भाइयों को थाईलैंड से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरते ही गोवा पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से गोवा पुलिस को उनकी दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। अब पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर गोवा जा रही है।

उत्तरी गोवा के अरपोरा इलाके में स्थित बर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में लगी आग की घटना के बाद सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा मौके से फरार हो गए थे। मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया। इसके बाद द्वारका स्थित इंदिरा गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया और फिर पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड ली गई। गोवा ले जाकर उन्हें वहां की अदालत में पेश किया जाएगा और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने इन गिरफ्तारियों की आधिकारिक पुष्टि की है।

घटना की रात यानी 6 दिसंबर को जब नाइटक्लब में आग लगी और 25 लोग अपनी जान गंवा रहे थे तब पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी आग बुझाने और फंसे लोगों को बचाने में जुटे थे। इसी अफरातफरी का फायदा उठाते हुए लूथरा भाइयों ने बेहद शातिराना तरीके से भागने का प्लान बनाया। घटना के एक घंटे के भीतर ही उन्होंने थाईलैंड भागने के लिए टिकट बुक करा लिए। दोनों भाई अपने क्लब के कर्मचारियों के साथ रातोंरात कार से मुंबई पहुंचे और वहां से सुबह 5.30 बजे की इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट पकड़कर थाईलैंड के फुकेट के लिए उड़ गए।

इस बात का पता चलते ही गोवा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। 7 दिसंबर को ही लूथरा भाइयों सौरभ और गौरव के साथ अजय गुप्ता और सुरेंद्र कुमार खोसला के खिलाफ इंटरपोल के जरिए लुक आउट सर्कुलर नोटिस जारी कर दिया गया। मुंबई इमीग्रेशन से जानकारी मिली कि लूथरा भाई कुछ घंटे पहले ही देश छोड़कर थाईलैंड भाग चुके हैं। इसके बाद 8 दिसंबर को उन्हें वापस लाने के लिए ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।

भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अनुरोध पर थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया और आईबी को इसकी सूचना दी। इसके बाद उन्हें भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू हुई। गिरफ्तारी से बचने के लिए लूथरा भाइयों ने अपने वकील के जरिए रोहिणी कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी दायर की थी लेकिन गोवा पुलिस के जवाब के बाद कोर्ट ने याचिका को रद्द कर दिया। इस मामले में गोवा पुलिस ने लूथरा भाइयों के अलावा अब तक छह अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।

 

Pls read:Delhi: ऑपरेशन सिंदूर को लेकर पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि भारत पहले ही दिन हार गया था और माफी मांगने से किया साफ इनकार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *