शिमला। हिमाचल प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल में खाली पदों को भरने के संबंध में कांग्रेस हाईकमान से चर्चा करने के लिए नई दिल्ली गए हैं। सुक्खू का कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने का कार्यक्रम है।
मंत्रिमंडल विस्तार के अलावा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष और संगठन के बारे में भी राहुल गांधी से चर्चा होने की संभावना है। छह महीने पहले प्रतिभा सिंह का कार्यकाल पूरा हो गया था और “एक परिवार, एक पद” के सिद्धांत के कारण उन्हें प्रदेशाध्यक्ष के पद से हटना पड़ सकता है। सुक्खू सरकार का ढाई साल का कार्यकाल पूरा हो गया है और मुख्यमंत्री हाईकमान से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं।

हाल ही में, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी दिल्ली जाकर केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की है। विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को 23 जून को शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर या ज्वालामुखी से विधायक संजय रतन को मंत्री बनाया जा सकता है। दोनों के नामों पर विचार चल रहा है। यह भी चर्चा है कि मंत्रिमंडल में एक महिला विधायक को भी शामिल किया जा सकता है। ऐसा होने पर उपचुनाव में जीत हासिल करने वाली लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा को मौका मिल सकता है। यह भी संभावना है कि शिमला संसदीय क्षेत्र से एक मंत्री को हटाकर नए मंत्री को शामिल किया जा सकता है। ऐसे में मंत्रिमंडल में दो पदों को भरा जा सकता है.
Pls reaD:Himachal: पर्यटन निगम मुख्यालय का शिमला से धर्मशाला होगा स्थानांतरण, कर्मचारियों का विरोध