देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उच्चाधिकारियों को राज्य की अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर बढ़ते तनाव के मद्देनजर चारधाम यात्रा, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, बांधों और ऊर्जा संयंत्रों की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शासन, प्रशासन और पुलिस को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है और कर्मचारियों के अवकाश मंजूर करने पर रोक लगा दी है। केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही अवकाश दिया जाएगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ वर्चुअल बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने उच्चाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से लगे क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रखने के निर्देश दिए।
चारधाम यात्रा में लाखों श्रद्धालुओं की भागीदारी को देखते हुए, यात्रा मार्गों और चारों धामों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने को कहा गया है। राष्ट्रीय महत्व के प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए भी ज़रूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा है। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। चारधाम यात्रा के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार व्यक्त किया है।
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए ज़िला और तहसील स्तर पर खाद्यान्न और अन्य आवश्यक वस्तुओं का भंडार बनाए रखने को कहा गया है। अस्पतालों को आपातकालीन स्थिति के लिए तैयार रहने और ज़रूरी दवाओं का प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिक सुरक्षा दल और स्वयंसेवी संस्थाओं को बचाव और राहत कार्य का प्रशिक्षण देने, लोगों को सही जानकारी देने और अफवाहों को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर नज़र रखने के निर्देश दिए गए हैं।