लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए कहा कि भारत पहले किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई छेड़ता है तो भारत उसे छोड़ता भी नहीं है। मुख्यमंत्री गुरुवार को लोकभवन में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से चयनित 543 नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत किसी को पहले छेड़ता नहीं है, लेकिन अगर कोई उसके आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करता है तो नया भारत उसे छोड़ता भी नहीं, उसकी मांद में घुसकर प्रहार करता है। सीएम योगी ने कहा कि पूरी दुनिया ने भारत की इस ताकत का एहसास किया है और आगे भी करेगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए नागरिक कर्तव्य महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत प्रदेश में आठ लाख युवाओं को विभिन्न सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है। अकेले माध्यमिक शिक्षा विभाग में 40 हजार से अधिक नियुक्तियां हुई हैं। वर्ष 2024 में आठ हजार शिक्षकों का चयन हुआ, जिनमें से 550 को गुरुवार को नियुक्ति पत्र दिए गए।