Delhi: उत्तर भारत में हिमपात से जनजीवन प्रभावित, पारा लुढ़का, पर्यटकों में उत्साह – The Hill News

Delhi: उत्तर भारत में हिमपात से जनजीवन प्रभावित, पारा लुढ़का, पर्यटकों में उत्साह

खबरें सुने

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार हो रही बर्फबारी ने तापमान को जमाव बिंदु से नीचे पहुँचा दिया है। क्रिसमस से पहले हुई इस बर्फबारी से जहां पर्यटकों में खुशी की लहर है, वहीं स्थानीय जनजीवन प्रभावित हुआ है।

कश्मीर घाटी में शून्य से नीचे पारा

मंगलवार को पूरी कश्मीर घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। पहलगाम, माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ, घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा। श्रीनगर में भी पारा माइनस 6.6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। वैष्णो देवी के त्रिकुटा पर्वत पर भी हल्की बर्फबारी हुई। जम्मू में दिन के समय तापमान में कुछ राहत रही।

हिमाचल में 226 सड़कें बंद

हिमाचल प्रदेश में शिमला सहित ऊंचाई वाले इलाकों में मंगलवार को भी बर्फबारी जारी रही, जिससे तीन राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 226 सड़कें बंद हो गईं। शिमला में हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुईं। नारकंडा और कुफरी में करीब आधा फीट, जबकि शिमला में तीन इंच बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 25 और 26 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में और बर्फबारी की संभावना जताई है, साथ ही छह जिलों में शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में भी बर्फबारी जारी

उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में सोमवार से जारी बर्फबारी मंगलवार को भी जारी रही। बर्फबारी के कारण गंगोत्री, बद्रीनाथ और अन्य कई राजमार्ग बंद हो गए। बद्रीनाथ और केदारनाथ धाम में दो फीट तक बर्फ जम चुकी है।

मैदानी इलाकों में बारिश और ठंड

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजस्थान में कई जगहों पर घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने इन राज्यों में अगले कुछ दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है। पंजाब में 27 दिसंबर तक शीतलहर और घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली में भी ठंड

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा में हिसार और राजस्थान में चुरू सबसे ठंडे स्थान रहे।

 

Pls read:Delhi: लहसुन 40 रु से पहुंचा 400 पार, बढ़ती मंहगाई को लेकर सब्जी मंडी पहुंचे राहुल गांधी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *