Himachal: सुक्खू कैबिनेट विस्तार आज, राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा लेंगे शपथ – The Hill News

Himachal: सुक्खू कैबिनेट विस्तार आज, राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा लेंगे शपथ

खबरें सुने

शिमला। सुक्खू सरकार का एक साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद आज मंत्रिमंडल विस्तार होगा। प्रदेश को आज दो नए मंत्री मिल सकते हैं, हालांकि एक पद अभी भी खाली छोड़ा गया है। बिलासपुर जिले के घुमारवी से विधायक राजेश धर्माणी और कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर विधानसभा से विधायक यादवेंद्र गोमा का मंत्री बनना तय है। दोपहर बाद राजभवन में शपथ होगी।

मुख्यमंत्री ने दोनों को शिमला बुला लिया है। राजेश धर्माणी मुख्यमंत्री के करीबी हैं और घुमारवीं से तीसरी बार विधायक चुने गए हैं। पूर्व वीरभद्र सरकार में सीपीएस रह चुके हैं। जयसिंहपुर से यादवेंद्र गोमा दूसरी बार विधायक बने हैं, उनके पिता भी तीन बार इसी सीट से विधायक रहे हैं। यादवेंद्र गोमा की ताजपोशी के बाद प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा जिले को दूसरा मंत्री मिल जाएगा।

गोमा की ताजपोशी के पीछे कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को माना जा रहा है, क्योंकि खड़गे ने अनुसूचित जाति कोटे से कम से कम 2 मंत्री बनाने को कहा था। दो नए मंत्री बनने के बाद 11 मंत्री हो जाएंगे। मंत्री का एक ही पद खाली बचेगा। इस पद को अगले साल लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले भरा जा सकता है।

यह है सुक्खू मंत्रिमंडल

सुक्खू की कैबिनेट में शिमला जिले से 3 मंत्री रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह व विक्रमादित्य सिंह, सोलन से धनीराम शांडिल, कांगड़ा से चंद्र कुमार, किन्नौर से जगत सिंह नेगी और सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान मंत्री हैं। वहीं, चंबा जिला से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया हैं। मंत्रिमण्डल विस्तार के साथ ही कुछ बदलाव किए जा सकते हैं।

 

यह पढ़ेंःVikasNagar टिमराधार के पास खाई में गिरा लोडर, हिमाचल के दो युवाओं की मौत

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *