देहरादून। राष्ट्रीयकृत व परिवहन निगम के लिए आरक्षित मार्गों पर निजी बसों के संचालन के विरोध में उत्तराखंड परिवहन निगम के सभी कर्मचारी 20 अप्रैल को एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। उत्तराखंड परिवहन निगम कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर प्रदेशभर में बसों का संचालन ठप रहेगा। प्रबंध निदेशक को संयुक्त मोर्चा की ओर से भेजे गए हड़ताल संबंधी पत्र में देहरादून, हल्द्वानी व टनकपुर बस अड्डों पर सरकार के विरुद्ध धरना-प्रदर्शन किए जाने की चेतावनी भी दी गई है।
यह भी पढ़ेंःमुख्यमंत्री धामी ने 9 हैल्थ एटीएम तथा 40 ट्रू नेट मशीनों का लोकापर्ण किया
गुरुवार को संयुक्त मोर्चा की एक बैठक देहरादून आइएसबीटी पर हुई। मोर्चा के पदाधिकारियों ने सरकार और परिवहन निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों से छल करने का आरोप लगाया। कहा कि गत 31 जनवरी को प्रस्तावित मोर्चा की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के क्रम में परिवहन मंत्री चंदन रामदास और निगम प्रबंधन के साथ 30 जनवरी काे हुई समझौता वार्ता में सरकार ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों का हल निकालने का भरोसा दिया था।
इसके बावजूद अब तक उन मांगों को लेकर आदेश जारी नहीं किए गए। इसके इतर राज्य सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रीयकृत अधिसूचित 14 मार्गों पर निजी बसों के संचालन के परमिट देने की अधिसूचना जारी कर दी, जबकि इन मार्गों पर परिवहन निगम की ओर से सुचारू संचालन किया जा रहा।