बागेश्वर। बागेश्वर के जोशीगांव में एक मकान से एक महिला और उसके तीन बच्चों के सड़े गले शव मिले हैं। मृतकों में एक 5-6 महीने का नवजात भी है। घटना को होली के आसपास की मानी जा रही है। गांव के लोगों ने मृतका और उसके बच्चों को नहीं देखा था।
यह भी पढ़ेंःGairsain : सीएम धामी ने किया गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण
सीओ अंकित कंडारी ने कहा कि घटना होली के बाद की हो सकती है, फिलहाल जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चल सकेगा। बता दें कि, जोशीगांव निवासी गोविंद सिंह बिष्ट का मकान गांव के अन्य मकानों से हटकर था। दो साल पहले यह मकान भूस्खलन की चपेट में आ गया था। गोविंद सिंह के परिवार ने यह मकान छोड़ दिया था। तब से इस मकान पर भूपाल राम परिवार सहित रहने लगा था। बृहस्पतिवार को गांव के कुछ लोग इस मकान के पास से गुजरे तो उनको बदबू आई। ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के दोनों दरवाजे भीतर से बंद थे। कमरों से बदबू आ रही थी। इसके बाद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और जब पुलिस पहुंची तो घर से तीन बच्चों समेत चार शव बरामद हुए। पुलिस की पड़ताल में घर के भीतर भूपाल राम की पत्नी नीमा देवी (40), पुत्री अंजलि (14), पुत्र कृष्णा (8), पुत्र भाष्कर (5-6 माह) के शव होने की पुष्टि हुई।