उत्तरकाशी। जिले के बड़कोट तहसील के राना गांव में सोमवार देर रात तीन आवासीय मकानों में आग लग गई। सूचना पर रात को ही पुलिस व फायस सर्विस घटना स्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। हालांकि आगजनी से मकानों में रखा सारा खाद्यान्न व घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत यह रही कि जन व पशुहानि नहीं हुई है।
विकास खंड नौगांव का राना गांव यमुनोत्री धाम से लगी गीठ पट्टी पर है। यहां सोमवार रात करीब डेढ़ बजे गांव के बीचोंबीच अचानक तीन आवासीय मकानों में आग भड़क उठी। लोगों ने आग बुझाने के प्रयास के साथ घटना की सूचना पुलिस व फायर सर्विस को दी। कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड में गांव के राजेंद्र सिंह, सोवेंदर सिंह व भरत सिंह का मकान जल कर राख हो गया है। जबकि एक अन्य मकान आंशिक रुप से प्रभावित हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि शॉर्ट सर्किट को भी आग लगने का कारण बताया जा रहा है। गांव के मुकेश पंवार ने तहसील प्रशासन से क्षति का आंकलन कर प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः- Rishikesh : विराट औऱ अनुष्का ने सुबह सुबह की आस्था पथ पर सैर, दोपहर को स्वामी दयानंद सरस्वती आश्रम में करवाएंगे भंडारा