लखीमपुर। फरधान थाना क्षेत्र में डिग्री कॉलेज के चौकीदार की हत्या से इलाके में सनसनी फ़ैल गई। मृतक के परिवारीजन ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
फरधान थाना क्षेत्र के सकतापुर गांव में गिरिजदयाल राजेंद्र बाजपेई डिग्री कॉलेज है। कालेज में गांव का ही संतराम रात में चौकीदारी करता था। सोमवार की शाम को चौकीदार संतराम रोज की तरह कॉलेज ड्यूटी करने गया था। मंगलवार सुबह कॉलेज परिसर में ही उसका शव बरामद होने से सनसनी फ़ैल गई। सिर पर चोट के निशान बने हुए हैं। उसके शव के पास में एक डंडा मिला है। डंडा खून से सना हुआ है। इससे यह लगता है कि डंडे से पीट-पीट कर उसकी हत्या की गई है। संतराम की किसी से रंजिश की बात भी सामने नहीं आई है। सीओ सदर अरविंद कुमार वर्मा ने बताया की अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना का राजफाश किया जाएगा।