Uttarakhand: उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य : धामी – The Hill News

Uttarakhand: उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक के साथ आर्थिक शक्ति का केंद्र बनाना लक्ष्य : धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड को आध्यात्मिक पहचान के साथ उद्योग, विनिर्माण, निवेश और निर्यात के क्षेत्र में भी देश का प्रमुख केंद्र बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य है। प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे 1.27 लाख से अधिक युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है।

मुख्यमंत्री ने होटल ताज मसूरी में इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) इंडिया के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले उद्यमियों और निर्यातकों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईईपीसी इंडिया भारतीय इंजीनियरिंग उद्योग की प्रतिभा और उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा के बीच उत्पादों की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और नवाचार ही किसी देश की पहचान तय करते हैं। ‘मेड इन इंडिया’ को वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने में भारतीय उद्यमियों का योगदान अहम है।

13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंचा निर्यात

धामी ने बताया कि उत्तराखण्ड से वर्ष 2017-18 में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निर्यात होता था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे क्षेत्र प्रदेश में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बन रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड को पहला स्थान मिला है। इसके अलावा बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में राज्य को ‘टॉप अचीवर्स’ श्रेणी में जगह मिली है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के डिरेगुलेशन फेज-1 में भी उत्तराखण्ड ने देशभर में पांचवां स्थान हासिल किया है।

खुरपिया में 1100 करोड़ से बन रहा औद्योगिक क्लस्टर

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब एक हजार एकड़ भूमि पर 1,100 करोड़ रुपये की लागत से इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर विकसित किया जा रहा है। इससे सात हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने और करीब 25 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए भूमि चिह्नित की गई है। हरिद्वार में फ्लैटेड फैक्टरी का निर्माण किया जा रहा है। भविष्य में सेलाकुई और पंतनगर में भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में देहरादून में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के निवेश प्रस्तावों का असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, चारधाम ऑल वेदर रोड और सड़क नेटवर्क के विस्तार से माल परिवहन तथा लॉजिस्टिक्स की सुविधाएं बेहतर हो रही हैं।

सिंगल विंडो से 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं

धामी ने कहा कि उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को प्राथमिकता दी गई है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 विभागों की 206 से अधिक ऑनलाइन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। पिछले तीन वर्षों में इस पोर्टल के जरिए करीब सात हजार परियोजनाओं को 70 हजार करोड़ रुपये से अधिक के पूंजी निवेश के लिए स्वीकृति दी गई है। निवेश मित्र व्यवस्था के माध्यम से उद्यमियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने के लिए स्टार्टअप नीति के साथ 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड स्थापित किया गया है।

हाउस ऑफ हिमालयाज से पांच लाख परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘एक जनपद-दो उत्पाद’ योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के तहत वर्ष 2030 तक पांच लाख ग्रामीण परिवारों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। शुरुआत से अब तक इस ब्रांड का कारोबार छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।

उन्होंने कहा कि उद्योगों का विकास केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक हुनर और पर्वतीय क्षेत्रों की विशेषताओं के अनुरूप भी उद्योगों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

निवेशकों को सहयोगी बनेगी सरकार

धामी ने उद्योग जगत से फरवरी 2027 में होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो और अगस्त 2027 में आयोजित होने वाले फार्मा मैक-टेक एक्सपो में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखण्ड के उद्यमियों को अपने उत्पाद और तकनीकी क्षमता अंतरराष्ट्रीय बाजार के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए केवल नियामक की भूमिका में नहीं रहेगी, बल्कि सहयोगी और सारथी बनकर उद्यमियों के साथ खड़ी होगी। प्रदेश में निवेश करने वालों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

समारोह में ईईपीसी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज चड्डा, सचिव विनय शंकर पांडेय, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, उद्यमी और निर्यातक मौजूद रहे।

 

PLs read:Uttarakhand: जनजातीय संस्कृति और विरासत का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री धामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *