Uttarakhand: उत्तराखंड में मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, 65 सीटें जीतने का लक्ष्य; हारी हुई 23 सीटों पर विशेष रणनीति – The Hill News

Uttarakhand: उत्तराखंड में मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा, 65 सीटें जीतने का लक्ष्य; हारी हुई 23 सीटों पर विशेष रणनीति

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में आने के लक्ष्य के साथ 65 विधानसभा सीटें जीतने की रणनीति तैयार की है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने प्रदेश पदाधिकारियों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने के लिए कई लक्ष्य निर्धारित किए।

बैठक में बीएल संतोष ने पार्टी नेताओं को जीत के लिए दोगुनी मेहनत करने और संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का संदेश दिया। इसके तहत दिसंबर तक प्रदेश में एक बड़ी यात्रा निकालने और बूथ सशक्तीकरण अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। यात्रा में राष्ट्रीय स्तर के वरिष्ठ नेताओं के भी शामिल होने की संभावना है।

हारी हुई 23 सीटों पर रहेगा विशेष फोकस

भाजपा आगामी चुनाव में पिछले चुनाव के दौरान हारी हुई 23 विधानसभा सीटों पर विशेष ध्यान देगी। पार्टी इन सीटों पर हार के कारणों का आकलन करेगी और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अलग रणनीति तैयार करेगी। संगठन का प्रयास इन क्षेत्रों में कमजोरियों को दूर कर चुनावी स्थिति मजबूत करना है।

दस साल का रिपोर्ट कार्ड होगा जारी

पार्टी सरकार और संगठन के पिछले दस वर्षों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी तैयार कर रही है। इसका जल्द ही विमोचन किया जाएगा। इसके माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की तैयारी है।

वहीं, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा मीडिया सेंटर भी शुरू करेगी। इसके जरिए चुनाव से जुड़े प्रचार और मीडिया गतिविधियों को व्यवस्थित किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का लक्ष्य संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और कमजोर सीटों पर बेहतर प्रदर्शन के जरिए 2027 में जीत की हैट्रिक लगाना है।

 

Pls read:Uttarakhand: मुख्यमंत्री धामी ने नगला तराई में मां पूर्णागिरि मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की, धर्मशाला और हाईटेक शौचालय का लोकार्पण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *