रुद्रपुर। उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती
का पीछा करने और उससे मोबाइल नंबर मांगने का विरोध करने पर दबंगों ने उसकी दुकान
में घुसकर जमकर तांडव मचाया। आरोपियों ने न केवल युवती और उसके सहयोगी के साथ
मारपीट की, बल्कि तमंचे के बल पर दुकान के गल्ले से हजारों रुपये की नकदी भी लूट
ली। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा
दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोहिया नगर की रहने वाली कविता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह ‘कोरंगा
ट्रेडर्स’ नाम से एक दुकान चलाती है और रोजाना काम के लिए पैदल ही आना-जाना करती
है। पिछले कुछ दिनों से सुमित गुप्ता नाम का एक युवक कार से उसका पीछा कर रहा
था। आरोपी लगातार कविता से उसका मोबाइल नंबर मांग रहा था और उसे परेशान कर रहा था।
कविता ने सुमित को कई बार समझाने की कोशिश की और कहा कि दुकान के बोर्ड पर संपर्क
सूत्र लिखा है, उसे वहीं से नंबर लेकर बात करनी चाहिए। इसके बावजूद आरोपी की हरकतें
बंद नहीं हुईं और वह लगातार पीछा करता रहा।
घटना 24 अप्रैल की शाम की है, जब कविता अपनी दुकान पर मौजूद थी और उसके व्यावसायिक
सहयोगी अरुण चौहान भी वहां आए हुए थे। इसी दौरान आरोपी सुमित गुप्ता और योगेश
कुमार अपने चार अन्य साथियों के साथ अचानक दुकान के भीतर घुस आए। आरोपियों
ने कविता के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब दुकान
में मौजूद अरुण चौहान ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उनके साथ मारपीट शुरू
कर दी।
हंगामा बढ़ता देख जब कविता बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो आरोपियों ने अवैध तमंचा निकाल
लिया और उसे जान से मारने की धमकी देने लगे। दहशत फैलाने के बाद आरोपियों ने दुकान
के गल्ले में रखे आठ हजार रुपये निकाल लिए और लूटपाट की। शोर-शराबा सुनकर जब
आसपास के लोग दुकान की ओर दौड़े, तो आरोपी अपनी कार से वहां से फरार हो
गए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी खुद को हिंदू युवा वाहिनी नामक संगठन से जुड़ा
बता रहे थे और इसी के नाम पर धमका रहे थे। पुलिस ने कविता की तहरीर के आधार पर
सुमित गुप्ता, योगेश कुमार और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में
प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है
और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने
के रास्ते की सटीक जानकारी मिल सके। शहर में सरेराह एक महिला व्यवसायी के साथ हुई
इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष व्याप्त है।