Uttarakhand: केदारनाथ यात्रा को ग्रीन और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर

 

रुद्रप्रयाग, 16 अप्रैल 2026

केदारनाथ धाम की आगामी यात्रा को सुरक्षित, सुगम और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22 अप्रैल 2026 से शुरू होने वाली यात्रा से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुद्रप्रयाग जिले में ग्राउंड स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग से गुप्तकाशी तक राष्ट्रीय राजमार्ग-107 पर सड़क मार्ग से यात्रा करते हुए विभिन्न स्थलों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जवाड़ी बाईपास, निर्माणाधीन सुरंग, तिलवाड़ा क्षेत्र, बांसवाड़ा और कुंड-काकड़ागाड़ जैसे भूस्खलन संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने सड़क मरम्मत, झाड़ियों की सफाई, साइनेज, क्रैश बैरियर और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

गुप्तकाशी में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं के प्रति संवेदनशील और सहयोगी व्यवहार अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने हेलीपैड और संवेदनशील क्षेत्रों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिनमें दवाइयां, पेयजल और खाद्य सामग्री शामिल हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता दी जा सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इस बार यात्रा को पूरी तरह ग्रीन और प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सभी विभागों और संबंधित पक्षों को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की बात भी कही गई।

उन्होंने स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ाने के लिए “वोकल फॉर लोकल” को बढ़ावा देने पर जोर दिया। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को यात्रा से जोड़कर स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके।

इसके अलावा पैदल मार्गों पर पेयजल, रोशनी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की भी समीक्षा की गई। सरकार का उद्देश्य है कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से दर्शन कर सकें।

निरीक्षण और बैठक के दौरान जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

pls read: Uttarakhand: दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस वे से डिजिटल विकास को मिली नई गति

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *