देहरादून 15 अप्रैल, 2026 (सू. ब्यूरो)
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महिलाओं की भूमिका को समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार बताते हुए उनके सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संसद द्वारा पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को अधिकार और सम्मान देने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम केवल संख्या बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि नीति निर्माण में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण परिवर्तन है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज का विकास तब तक संभव नहीं है, जब तक महिलाओं को समान अवसर और नेतृत्व का मंच न मिले। आज महिलाएं कृषि, उद्यमिता, राजनीति और सामाजिक क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा भी महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें स्वरोजगार, कौशल विकास और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देना शामिल है। राज्य में लाखों महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए “हाउस ऑफ हिमालयाज” ब्रांड की शुरुआत की गई है, जिससे महिला समूहों को नए अवसर मिल रहे हैं। इसके अलावा सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण और कानूनी सुधारों के माध्यम से उनके अधिकारों को मजबूत किया गया है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भी इस कानून को महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया और बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
pls read: http://Uttarakhand