Uttarakhand: राष्ट्र निर्माण में युवाशक्ति की भूमिका पर जोर और नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ

 

देहरादून 15 अप्रैल, 2026 (सू. ब्यूरो)

गढ़ी कैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित “राष्ट्र निर्माण उत्सव” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं को राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें फ्यूचर रेडी बनने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर ओहो रेडियो और ड्रीमर्स एड्यु हब के सहयोग से तीन नए रेडियो चैनलों का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संकल्प है। उन्होंने रेडियो के महत्व को याद करते हुए कहा कि बदलती तकनीक के बावजूद इसकी विश्वसनीयता और आत्मीयता आज भी बनी हुई है। साथ ही “मन की बात” जैसे कार्यक्रमों के जरिए रेडियो को नई पहचान मिलने की बात भी कही।

युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि देश की प्रगति का आधार उसकी युवा शक्ति है। युवाओं में ऊर्जा, नवाचार और समर्पण की भावना होती है, जो राष्ट्र को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकती है। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं को लक्ष्य प्राप्ति तक निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते समय में युवाओं को केवल नौकरी तलाशने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें रोजगार सृजित करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा। इसके लिए राज्य में स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा मिले, तो वर्ष 2047 तक देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अतिथि, कलाकार और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण के इस संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

 

pls read: Uttarakhand: देहरादून में राष्ट्रीय टेबल टेनिस चैंपियनशिप का भव्य आगाज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *